तीन चरण में बनेगा नगर निगम का कार्यालय
जागरण संवाददाता शिमला शहर में नगर निगम का कार्यालय सब्जी मंडी मैदान में बनाने के लिए नगर ि
जागरण संवाददाता, शिमला : शहर में नगर निगम का कार्यालय सब्जी मंडी मैदान में बनाने के लिए नगर निगम सहित हिमुडा के अधिकारियों के साथ मेयर और डिप्टी मेयर बुधवार को दौरा करेंगे। इस दौरान शहर में पहली बार निगम का अपना कार्यालय बनाने के लिए काम किया जाना है। एक ही छत के नीचे नगर निगम के सभी कार्यालय बनाने का प्लान हिमुडा के तहत प्लान बनाया है। इसके लिए स्मार्ट सिटी से 50 करोड़ रुपये की व्यवस्था भी कर रखी है। इस काम को विस्तार देने के निर्देश शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने दिए हैं।
सब्जी मंडी मैदान के साथ ही मार्केट का भवन भी है। ये पूरी तरह से सड़क से जुड़ा है। इसे भी निगम के कार्यालय के प्रोजेक्ट में ही शामिल करने की तैयारी चल रही है। शहरी विकास मंत्री के आदेश के बाद मेयर सत्या कौंडल ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ इस मसले पर चर्चा की। इसका काम तीन चरण में करने का फैसला भी लिया है। पहले चरण में निगम के कार्यालय को सब्जी मंडी मैदान में बनने का काम होना है। दूसरे चरण में निगम के कार्यालय को विस्तार देने के लिए मार्केट के भवन को तोड़कर निगम के कार्यालय के साथ बनाया जाना है। वहीं तीसरे चरण में निगम प्रशासन ने सूजी लाइन की निगम की कॉलोनी को दोबारा से तोड़कर बनाने की तैयारी की है। इसके लिए पूरा प्लान निगम प्रशासन ने तैयार कर रखा है, लेकिन हिमुडा के अधिकारियों को इस पर कुछ संदेह है, इसलिए मेयर व डिप्टी मेयर से लेकर निगम प्रशासन के अधिकारियों के साथ बुधवार को निरीक्षण करने का फैसला लिया गया है। अभी तक निगम के पास नहीं है अपना भवन
शहर में लोगों के घर के नक्शे पास कर रहे नगर निगम शिमला के पास अपना भवन नहीं है। निगम का अपना कार्यालय कई हिस्सों में बंटकर चल रहा है। निगम के आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त से लेकर अन्य अधिकारियों के कार्यालय अभी तक नहीं हैं। निगम की वास्तुकार शाखा दूसरे भवन में है। निगम के मेयर व डिप्टी मेयर के कार्यालय शहर के टाउनहाल में चल रहे हैं। शहर में निगम का अपना कार्यालय हो, इसके लिए पूरा प्लान तैयार किया है। 50 करोड़ का बजट भी रखा गया है। इसे जल्द ही कैसे बेहतर बनाया जा सके, इसके लिए अधिकारियों के साथ बुधवार को निरीक्षण करने का फैसला लिया है।
सत्या कौंडल, मेयर नगर निगम शिमला।