पुलिस में भर्ती होने के लिए दौड़ी एमए और बीए पास युवतियां

राजधानी शिमला के पुलिस लाइन भराड़ी में रविवार से पुलिस भर्ती शुरू

By JagranEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 08:29 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 08:29 PM (IST)
पुलिस में भर्ती होने के लिए दौड़ी 
एमए और बीए पास युवतियां
पुलिस में भर्ती होने के लिए दौड़ी एमए और बीए पास युवतियां

जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला के पुलिस लाइन भराड़ी में रविवार से पुलिस भर्ती शुरू हुई। शिमला जिला में पुलिस में भर्ती होने युवाओं में खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। रविवार को पहले दिन महिला प्रत्याशियों को भर्ती के लिए बुलाया गया था। 711 युवतियों ने भर्ती के लिए अपना पंजीकरण करवाया था। ग्राउंड टेस्ट में केवल 194 ही क्वालीफाई कर पाई। ज्यादातर युवतियां रेस में बाहर हुई। पुलिस में भर्ती होने के लिए युवतियों में खासा क्रेज देखने को मिला। सुबह पौने छह बजे ही कई युवतियां अपने अभिभावकों के साथ पुलिस लाइन भराड़ी में भर्ती के लिए पहुंच गई थी।

शिमला जिला में 194 पदों के लिए यह भर्ती हो रही है। इसमें 110 पद पुरुष, 37 महिला और 13 चालकों के पद हैं। भर्ती देने आई ज्यादातर युवतियां बीए और एमए पास थी। तो कईयों के पास एमबीए, बीटैक जैसी डिग्रियां भी थी। प्रोफेशनल डिग्री की परवाह किए बगैर वे पुलिस में भर्ती होने के लिए क्रेजी दिखी।

ड्रोन कैमरे से रखी जा रही भर्ती पर नजर

पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट में पुलिस काफी सख्ती बरत रही थी। तय समय पर ही सभी को मैदान में प्रवेश दिया गया। उसके बाद मैदान के गेट को बंद कर दिया गया। किसी को भी अंदर जाने की अनुमति इसके बाद नहीं दी गई। भर्ती में कोई अनियमित्तता न हो इसके लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी भर्ती पर पूरी नजर रखी जा रही है।

ब्रेकफास्ट और मास्क किए वितरित

पुलिस ने पहली बार भर्ती देने आए प्रतिभागियों के लिए ब्रेकफास्ट की व्यवस्था भी की। मैदान में उनके लिए केले और जूस का प्रबंधन किया गया। पानी का प्रबंध भी मैदान में किया गया था। इसके अलावा हर प्रतिभागी को मास्क दिया गया। मैदान में हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी ताकि संक्रमण का कोई खतरा न हो।

क्या कहती है युवतियां

पुलिस भर्ती देने देहा बलसन से आई अंबिका काल्टा ने कहा कि दूसरी बार वह भर्ती में आई है। इससे पहले वर्ष 2017 में भी उन्होंने भर्ती दी थी। इस बार भी वह ग्राउंड क्लीयर नहीं कर पाई। उनका पुलिस में भर्ती होने का सपना अधूरा रह गया है।

ठियोग से आई भावना वर्मा ने कहा कि पहली बार उन्होंने पुलिस भर्ती दी है। रेस में वह बाहर हो गई है। रामपुर की बबिता चौहान ने कहा कि यह उनका पहला प्रयास था। पहले ही प्रयास में उनका ग्राउंड क्लीयर हो गया है। अब लिखित परीक्षा को भी वह उत्तीर्ण कर लेगी। चौपाल की करीमा ने कहा कि वर्ष 2017 में भी उन्होंने भर्ती दी थी। इस बार वह दोबारा भर्ती देने आई है। उम्मीद है कि इस बार उनका चयन हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी