किराए पर वाहन देने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपित को विजिलेंस ने जारी किया लुकआउट नोटिस

विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने वाहनों को किराए पर देने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी करने के मामले में पंजाब के आरोपित को लुक आउट नोटिस जारी किया है। यह लुकआउट नोटिस एसपी साउथ रेंज की ओर से जारी किया गया है।

By Richa RanaEdited By: Publish:Fri, 16 Oct 2020 04:44 PM (IST) Updated:Fri, 16 Oct 2020 04:44 PM (IST)
किराए पर वाहन देने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपित को विजिलेंस ने जारी किया लुकआउट नोटिस
वाहनों को किराए पर देने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपित को लुक आउट नोटिस जारी किया।

शिमला, जेएनएन। विजिलेंस एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो ने वाहनों को किराए पर देने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी करने के मामले में पंजाब के आरोपित को लुक आउट नोटिस जारी किया है। यह लुकआउट नोटिस एसपी साउथ रेंज की ओर से जारी किया गया है। जो भी व्यक्ति आरोपित रणजीत सिंह कंग का पता लगाएगा अथवा इस संबंध में सूचना देगा उसे उचित इनाम दिया जाएगा।

विजिलेंस ने पिछले साल धोखाधड़ी से जुड़े इस मामले में दो अलग-अलग एफआइआर दर्ज की थी। इसके अलावा सोलन के विजिलेंस थाने में भी एफआइआर दर्ज हुई थी। इन मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वाहनों को किराए पर देने के नाम पर प्रदेश में अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय रहा।

पहले इसकी शिकायत सोलन पुलिस से की गई, कार्रवाई नहीं हुई, इसके बाद शिकायतकर्ता मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गए थे मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद विजिलेंस ने इस शिकायत को हाथों में लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि गिरोह के सदस्य लोगों से ने वाहनों को खरीदने की सलाह देते थे। इन वाहनों को निजी कंपनियों में किराए पर देने का झांसा देते थे। कई लोगों ने इसके आधार पर कंपनियों से गाड़ियां फाइनेंस करवाई। बाद में पता चला कि यह गाड़ियां कंपनियों के कार्यालयों में तो किराए पर नहीं दी गई लेकिन इन्हें बाहरी राज्यों में गिरोह के सदस्यों ने सस्ते दामों पर आगे बेच दिया। कई ऐसे वाहनों को बाहरी राज्यों से बरामद किया गया।

धोखाधड़ी के इसी मामले में रणजीत सिंह नामक होशियारपुर निवासी आरोपित की भी विजिलेंस को तलाश है। इसी कारण लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। विजिलेंस को उम्मीद है कि वह जल्द ही पुलिस के हत्थे चढ़ जाएगा। आरोपित 40 साल का है और वार्ड नंबर एक फौजी कॉलोनी नजदीक मॉडल टाउन ठंडा होशियारपुर का निवासी है। इसके खिलाफ पिछले वर्ष 1 नवंबर को दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। विजिलेंस से बचने के लिए यह तब से फरार है। इसके कई ठिकानों पर कई बार दबिश दी गई लेकिन यहां हाथ नहीं चल पाया। विजिलेंस के एडीजीपी अनुराग गर्ग ने लुक आउट नोटिस जारी करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपित ने कई लोगों को कार खरीदने के नाम पर ठगा है। अगर कोई भी व्यक्ति इसके बारे में पुख्ता सूचना देगा तो उसे पुरस्कृत किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी