मटलाना गांव में तेंदुए की दहशत, पकड़ने की मांग
उपमंडल चौपाल की पंचायत झिकनीपुल के मटलाना गांव में इन दिनों तेंदुए की दस्तक से दहशत में हैं।
संवाद सूत्र, नेरवा : उपमंडल चौपाल की पंचायत झिकनीपुल के मटलाना गांव में इन दिनों तेंदुए की दस्तक से लोग दहशत में हैं। तेंदुए के खौफ से लोग दिन ढलते ही घर में दुबक जाते हैं। आए दिन यहां तेंदुआ गांव में देखा जा रहा है। कई बार संध्या ढलते ही यह सड़क पर गुजरने वाले वाहनों के सामने आ जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो तेंदुए आए दिन सड़क पर घूमते हुए देखे जा रहे हैं।
पिछले वर्ष शेईला गांव में एक मादा तेंदुए ने डेढ़ वर्ष के बच्चे को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद वन विभाग ने हरकत में आते हुए घटनास्थल के समीप नाइट विजन ट्रैप कैमरे लगाकर दो शावकों के साथ घूम रही मादा तेंदुआ को ट्रैक कर पकड़ने की कोशिश भी की थी। लेकिन एक-दो बार कैमरे में नजर आने के बाद यह शावकों सहित गायब हो गई थी। अब एक साल बाद तेंदुए के इस जोड़े के दिखने से क्षेत्रवासियों में डर का माहौल बना हुआ है।
मटलाना निवासी देवराज ने बताया कि तेंदुए के खौफ के मामले को वह पिछले साल सीएम हेल्पलाइन तक उजागर कर चुके हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से कोशिश किए जाने के बावजूद राहत नहीं मिल पाई है। ग्रामीणों के अनुसार ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ये दोनों उसी मादा तेंदुए के शावक हैं जो अब वयस्क हो चुके हैं। पंचायत प्रधान गोपाल चौहान, उपप्रधान लोकेंद्र शर्मा, स्थानीय निवासी भोपिद्र शर्मा, देवराज शर्मा, कृष्ण दत्त, सुशांत शर्मा, रविंद्र शर्मा, कमलेश शर्मा और देई राम शर्मा ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने कि गुहार लगाई है।