कांग्रेस पैदा कर रही डर का माहौल : रणधीर

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कांग्रेस के कुछ नेताओ

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 08:18 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 08:18 PM (IST)
कांग्रेस पैदा कर रही डर का माहौल : रणधीर
कांग्रेस पैदा कर रही डर का माहौल : रणधीर

जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कांग्रेस के कुछ नेताओं पर प्रदेश की जनता में डर का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के इस संकटकाल में आवश्यकता है कि जनता, विशेष रूप से कोरोना रोगियों का मनोबल बढ़ा कर रखा जाए। कांग्रेसी नेता लगातार तथ्यहीन व भ्रामक बयानबाजी कर भय का वातावरण पैदा कर रहे हैं।

यहां जारी बयान में रणधीर शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं पर निराधार सवाल खड़ा कर ये नेता कोरोना मरीजों के मन मे घबराहट और प्रदेश में सनसनी फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसकी भाजपा निंदा करती है। प्रदेश में अभी तक न तो बिस्तरों की कमी है और न ही आक्सीजन की। अब तक प्रदेश में किसी भी कोरोना मरीज की मौत बेड या आक्सीजन न मिलने के कारण नहीं हुई। सरकार ने 5000 बिस्तर की व्यवस्था कर दी है। हर जिला मुख्यालय व मेडिकल कॉलेज में आक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। डाक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ की कमी को पूरा करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री जिलों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयास व समाज के सहयोग से कोरोना के मामलों में कमी आनी भी शुरू हो गई है। स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। लेकिन कांग्रेसी नेताओं को यह सब नहीं दिखता। आलोचना की अपनी आदत से मजबूर कांग्रेस के ये नेता महामारी के दौरान भी राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सहयोग भी प्रदेश को निरंतर मिल रहा है।

chat bot
आपका साथी