कवलजीत से पहले इंद्रजीत गुट 29 को करवाएगा चुनाव
शहर में कारोबारियों की राजनीति खूब गरमा गई है।
जागरण संवाददाता, शिमला : शहर में कारोबारियों की राजनीति खूब गरमा गई है। पिछले सप्ताह व्यापार मंडल को एक साल की एक्सटेंशन मिलने के बावजूद इंद्रजीत सिंह गुट ने अपने चुनाव घोषित कर दिए हैं। इनके चुनाव 29 अगस्त को होंगे। चुनाव करवाने के लिए चुनाव समिति का गठन भी कर दिया है। 12 सदस्यों की कमेटी में शिमला के साथ उपनगरों के व्यापार मंडल को भी शामिल किया है। चुनाव समिति में अशोक कुकरेजा, रमणीक गोयल, संजू, राजू सूद, मौंटी भाटिया, गोपाल शर्मा, राजीव अरोड़ा, सुरेश गुप्ता, सुभाष को शामिल किया है।
वर्तमान में शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह व महासचिव संजीव ठाकुर हैं। दोनों ही पदाधिकारी लंबे समय से शिमला व्यापार मंडल में सेवाएं दे रहे हैं। पिछले रविवार को आम सभा में इस व्यापार मंडल को एक साल का अतिरिक्त समय देने का समय दिया था। इसी बीच कवलजीत गुट ने अुपने चुनाव की घोषणा कर दी। इनके मुताबिक चुनाव पांच सितंबर को होने हैं। इसके लिए चुनावी कार्यक्रम भी जारी कर दिया था। इसके बाद शिमला व्यापार मंडल ने भी हरकत में आते हुए अपने चुनाव की तिथि जारी करने के साथ ही चुनाव समिति का गठन भी कर दिया है। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कारोबारी आपस में टूटे न, इसलिए चुनाव करवाने का फैसला किया है। चुनाव में सभी को वोटिग का मौका
कवलजीत गुट ने शिमला व्यापार मंडल का दायरा घटाकर शिमला शहरी विधानसभा तक ही सीमित कर दिया था, लेकिन शनिवार को इंद्रजीत सिंह के गुट ने इसका दायरा पहले की तरह से ही बढ़ाते हुए उपनगरों को भी शामिल किया है। इसमें घणाहट्टी, टुटू, चक्कर, शोघी व घोड़ा चौकी सहित अन्य क्षेत्र के कारोबारियों को शामिल करने की बात कही है। इनका मानना है कि इसमें सभी कारोबारियों को वोट डालने का अधिकार होगा।