सोमवार को समय से पहले आफिस के लिए निकलें
सोमवार को यदि आप घर से निकल रहे हैं तो जल्द निकलें। शिमला में सोमवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इससे बसें नहीं चलेंगी।
जागरण संवाददाता, शिमला : सोमवार को यदि आप घर से निकल रहे हैं तो जल्द निकलें। आपको आफिस, स्कूल या अपने अन्य किसी गंतव्य तक पहुंचने के लिए ज्यादा समय लग सकता है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसें पूरी तरह से बंद रहेंगी। एक दिन की हड़़ताल का फैसला कर्मचारियों ने लिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। इसको लेकर खासा नाराजगी कर्मचारियों में है।
हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर और सचिव खेमेंद्र गुप्ता सहित अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि निगम कर्मचारियों एवं पेंशनरों की करीब 582 करोड़ रुपये के अनेक वित्तीय लाभ की देनदारियां वर्षो से लंबित हैं। परिवहन निगम में यह एक प्रथा बन चुकी है कि बिना आंदोलन किए कोई भी वित्तीय लाभ नहीं दिए जाते। चार वर्ष से कर्मचारियों ने कोई भी आंदोलन नहीं किया तथा बिना मांगें प्रबंधन व सरकार कर्मचारियों के कोई भी वित्तीय लाभ नहीं देती। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के तत्वावधान में परिवहन निगम के कर्मचारियों की मांगों को पूरा करवाने के लिए समिति द्वारा निगम प्रबंधन को 14 सितंबर को ही नोटिस जारी कर दिया था। निगम प्रबंधन कर्मचारियों को जानबूझकर आंदोलन के लिए उकसा रहा है। निगम प्रबंधन संयुक्त समन्वय समिति के साथ पूर्व में किए गए समझौतों पर अमल नहीं कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी तक निगम के कर्मचारियों को जनवरी 2016 से 13 फीसद आइआर, डीए जनवरी 2019 से चार, पांच और जुलाई 2019 से छह फीसद डीए देय है। साथ ही कर्मचारी एचआरटीसी को रोडवेज का दर्जा देने, भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, पीस मील कर्मचारियों को एकमुश्त अनुबंध पर लाने की मांग कर रहे हैं। इन कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि इसके बावजूद मांगें नहीं मानी जाती हैं तो आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।