भाजपा प्रदेशाध्‍यक्ष सुरेश कश्‍यप बोले, अनुराग की जन आशीर्वाद यात्रा ने भरा कार्यकर्त्‍ताओं में नए जोश, सुबह तीन बजे की जनसभा इतिहास बनी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने माना है कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा ने कार्यकर्त्‍ताओं में नए रक्‍त और जोश का संचार किया है। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ होगा कि सुबह तीन बजे भी जनसभा हुई।

By Navneet ShramaEdited By: Publish:Fri, 27 Aug 2021 04:40 PM (IST) Updated:Fri, 27 Aug 2021 04:40 PM (IST)
भाजपा प्रदेशाध्‍यक्ष सुरेश कश्‍यप बोले, अनुराग की जन आशीर्वाद यात्रा ने भरा कार्यकर्त्‍ताओं में नए जोश, सुबह तीन बजे की जनसभा इतिहास बनी
सुरेश कश्‍यप का कहना है कि अनुराग ठाकुर की यात्रा से नए जोश का संचार हुआ है।

शिमला, जागरण टीम।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने माना है कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा ने कार्यकर्त्‍ताओं में नए रक्‍त और जोश का संचार किया है। शिमला में पत्रकारों से बात करते हुए उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार करते हुए 43 नए मंत्री बनाए, जिनमें 11 महिलाएं 27 अन्‍य पिछड़ा वर्ग तथा 12 अनुसूचित जाति समुदाय के सांसद भी हैं। कश्‍यप के मुताबिक, यह देश का आज तक का सबसे युवा मंत्रिमंडल है। हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर को केंद्रीय मंत्री बना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल का मान बढ़ाया है। इसके लिए हम उनके धन्यवादी हैं। उन्होंने कहा कि जो विभाग अनुराग ठाकुर को दिया गया है, आजादी के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल, इंदिरा गांधी , लालकृष्ण आडवाणी, प्रमोद महाजन, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली जैसे प्रमुख नेता इस विभाग के मंत्री रहे हैं ।

जयराम, शांता, धूमल शामिल हुए

कश्यप के मुताबिक जन आशीर्वाद यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार की गई। इस यात्रा में माननीय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर होटल पीटरहाॅफ में सम्मिलत हुए व स्वागत किया व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने स्वामी विवेकानंद ट्रस्ट पालमपुर में यात्रा का स्वागत किया। प्रो0 प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर में यात्रा का स्वागत किया। यह यात्रा 19 अगस्त, 2021 से 23 अगस्त, 2021 तक लगातार पांच दिनों तक चली। अंतिम कार्यक्रम 24 अगस्त, 2021 को प्रातः पौने चार बजे ऊना के मैहतपुर क्षेत्र में हुआ। अध्‍यक्ष ने दावा किया कि हिमाचल के इतिहास में पहली बार हुआ कि कोई जनसभा सुबह 4 बजे तक चली।

पांच संसदीय क्षेत्र, 43 विधानसभा हलके, 630 किलोमीटर तक यात्रा

इस यात्रा में बुजुर्ग, युवा, बहनों, बच्चों ने पांच-पांच घंटे तक इंतजार किया और केंद्रीय मंत्री का ज़ोरदार स्वागत भी किया। इस यात्रा ने प्रदेश में 43 विधानसभा क्षेत्रों 4 संसदीय क्षेत्रों, 8 राजस्व जिलों से होते हुए 630 किलोमीटर की दूरी तय की। पहले इस यात्रा के 84 प्रस्तावित कार्यक्रम थे लेकिन यात्रा आरंभ होने से लेकर समापन तक कुल 184 कार्यक्रम, 157 स्वागत और 22 जन सभाएं हुए जिनमें 1,02,510 कार्यकर्ताओं ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। मीडिया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से यह कार्यक्रम 55 लाख से अधिक लोगों ने देखा।

बारिश के बावजूद उत्‍साह में नहीं आई कमी

इस ऐतिहासिक यात्रा में सभी मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, 2017 के प्रत्याशियों ने अपने-अपने विधान सभा क्षेत्रों एवं जिलों में इस यात्रा का स्वागत किया। बरसात का मौसम होने व भारी बारिश होने के बावजूद भी इस यात्रा में कोई बाधा नहीं आई। कार्यकर्ताओं के जोश में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने बताया कि हर जगह यात्रा का स्वागत पारम्परिक ढंग, ढोल-नगाड़ो, आतिशबाजी, फूल मालाएं, पुष्पवर्षा, मिठाइयां बांटकर तथा पारंपरिक वेशभूषा में किया गया। कश्‍यप का कहना है कि अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की कला एवं संस्कृति का प्रचार किया और उसका संरक्षण कैसे किया जाए इसके लिए योजना बनाने की बात कही और लोकल वस्तुओं का अधिक से अधिक प्रयोग करने की बड़ी बात कही। केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल को देवभूमि, वीरभूमि से खेल भूमि बनाने का संकल्प लिया और इस आशीर्वाद यात्रा से कार्यकर्ताओं में नए जोश एवं उत्साह का संचार हुआ।

chat bot
आपका साथी