दिल्ली को राहत की सांस देगा हिमाचल

राज्य ब्यूरो शिमला आक्सीजन की कमी का सामना कर रही दिल्ली को हिमाचल राहत की सांस देगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Apr 2021 07:21 PM (IST) Updated:Mon, 26 Apr 2021 07:21 PM (IST)
दिल्ली को राहत की सांस देगा हिमाचल
दिल्ली को राहत की सांस देगा हिमाचल

राज्य ब्यूरो, शिमला : आक्सीजन की कमी का सामना कर रही दिल्ली को हिमाचल राहत की सांस देगा। हिमाचल सरकार मंगलवार को दो ट्रक में आक्सीजन के सिलेंडर भरकर दिल्ली भेजेगी। दो ट्रकों में करीब आठ मीट्रिक टन आक्सीजन आ सकती है। अब कितनी आक्सीजन भेजनी है यह दिल्ली सरकार की ओर से भेजे खाली सिलेंडरों पर निर्भर करेगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पत्र खिलकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आक्सीजन की मांग की थी। इसके तुरंत बाद जयराम ने दिल्ली सरकार को आक्सीजन उपलब्ध करवाने का आदेश दिया है। उद्योग विभाग के अतिरिक्त निदेशक तिलकराज शर्मा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र पावटा व काला अम्ब से खाली सिलेंडरों में आक्सीजन भरकर ट्रकों को वापस दिल्ली रवाना किया जाएगा। कोरोना महामारी के कारण देश की राजधानी दिल्ली में आक्सीजन का भारी संकट चल रहा है।

केजरीवाल को लिखे पत्र में जयराम ने कहा है कि दिल्ली में उत्पन्न स्थिति से हम चिंतित हैं। दिल्ली को सहायता प्रदान करने में प्रदेश को प्रसन्नता होगी। दिल्ली सरकार के अधिकारी आक्सीजन की आपूर्ति का प्रबंध करने के लिए हिमाचल प्रदेश के उद्योग विभाग के अतिरिक्त निदेशक से संपर्क कर सकते हैं। केजरीवाल ने इसके लिए हिमाचल सरकार का आभार व्यक्त किया है। राम सुभग कर चुके हैं बैठक

अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह दो दिन पहले ही राज्य की आक्सीजन उत्पादक कंपनियों के मालिकों की बैठक बुला चुके हैं। आक्सीजन उत्पादक कंपनियों को निर्देश दिया है कि आक्सीजन का उत्पादन नियमित तौर पर पूरी क्षमता से होता रहे।

chat bot
आपका साथी