सहायता के लिए आगे आएं शहरी निकायों के प्रतिनिधि

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि शहरी निकायों के प्रतिनिधि कोरोना मरीजों की सहायता करें।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 09:35 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 09:35 PM (IST)
सहायता के लिए आगे आएं शहरी निकायों के प्रतिनिधि
सहायता के लिए आगे आएं शहरी निकायों के प्रतिनिधि

राज्य ब्यूरो, शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि शहरी निकायों के प्रतिनिधि संबंधित क्षेत्र में होम आइसोलेशन में रखे गए कोरोना मरीजों के परिवारों के साथ निरंतर संपर्क में रहें। वे संकट के समय जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए आगे आएं। मुख्यमंत्री ने वीरवार को शिमला में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शहरी निकायों के प्रतिनिधियों से प्रदेश में कोरोना की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी इस बार न केवल तीव्र गति से फैल रही है बल्कि अधिक जानलेवा बन गई है। दो महीने में ही कोरोना से 250 लोगों की मौत हुई है। पिछले साल जब कोरोना संक्रमण फैला था तो लोगों और जनप्रतिनिधियों में मदद करने के लिए उत्साह था। कोरोना को फैलने से रोकने और संकट में फंसे लोगों की सहायता करने में इस बार लोगों में उत्साह कम है। शहरी निकायों के प्रतिनिधियों को कोरोना संक्रमितों को काढ़ा, च्यवनप्राश, फल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवानी चाहिए। इससे न केवल उनकी सहायता होगी बल्कि बल्कि इस वायरस से प्रभावशाली तरीके से लड़ने के लिए उनके भीतर आत्मविश्वास भी पैदा होगा। अन्य राज्यों के मजदूरों को भी किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्हें प्रदेश में ही रुकने के लिए प्रेरित किया जाए। जनप्रतिनिधि लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि वृद्धों और दिव्यांगों को टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचने में सहायता की जाए। संक्रमण से सफाई कर्मचारियों का बचाव सुनिश्चित करने के लिए उचित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने जाने चाहिए। बैठक में निदेशक शहरी विकास विभाग आबिद हुसैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। नगर निगम धर्मशाला के महापौर ओंकार नैहरिया, महापौर नगर निगम मंडी दीपाली, महापौर नगर निगम सोलन पूनम, महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल सहित अन्य प्रतिनिधि वीडियो कांफ्रेंस से शामिल हुए।

वहीं, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम के सामुदायिक केंद्रों को टीकाकरण के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। वायरस के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों और टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी आइईसी अभियान चलाया जाए। इस दौरान प्रधान सचिव रजनीश ने कहा कि नगर निगम के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों के पंजीकरण के लिए पंजीकरण पोर्टल शुरू किया गया है।

chat bot
आपका साथी