पर्यावरण का नारा बुलंद कर रही युवाओं की ‘आवाज

शिमला में रहने वाले युवा अभिषेक और रमनदीप का पर्यावरण प्रेम आज अन्य युवाअों के लिए प्रेरणा बन गया है।

By BabitaEdited By: Publish:Wed, 16 Jan 2019 02:14 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jan 2019 02:14 PM (IST)
पर्यावरण का नारा बुलंद कर रही युवाओं की ‘आवाज
पर्यावरण का नारा बुलंद कर रही युवाओं की ‘आवाज

शिमला, रविंद्र शर्मा। हिमाचल के दो युवाओं का पर्यावरण प्रेम आज इलाके के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। स्कूल-कॉलेज के छात्र इनके साथ जुड़कर पौधरोपण, सफाई और जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने लग गए हैं। शिमला निवासी 25 वर्षीय अभिषेक खिमटा और उनके हमउम्र दोस्त रमनदीप भोल्टा ने करीब डेढ़ साल पहले पर्यावरण सहेजने को एक पहल की। 29 दोस्तों को साथ जोड़ा और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयास शुरू कर दिए। इस टोली ने ‘द वॉयस’ संस्था का रूप ले लिया। संस्था में अब 110 सदस्य हैं। सभी मिलकर पर्यावरण के हित के काम करते हैं। 

डेढ़ वर्ष में शिमला और आसपास के क्षेत्रों में इन्होंने 700 से अधिक पौधे रोपे। सभी मिलकर इन पौधों का रखरखाव भी करते हैं। शहर में सफाई अभियान चलाना भी इनकी मुहिम का हिस्सा है। द वॉयस का सदस्य बनने के लिए कम से कम उम्र 15 साल होनी चाहिए। उन्हीं युवाओं को सदस्यता दी जाती है जो संस्था के हर कार्यक्रम में हिस्सा लेने की हामी भरें। उम्र 38 वर्ष से अधिक होने पर सक्रिय सदस्य को सलाहकार बना दिया जाता है। सदस्यों में कॉलेज के विद्यार्थी व नौकरी करने वाले युवा शामिल हैं। द वॉयस के सदस्य पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए खर्च खुद वहन करते हैं। विद्यार्थी जेब खर्च से 100 रुपये प्रतिमाह और नौकरी कर रहे युवा 300 रुपये देते हैं।

वे गांवों में ग्रामीणों के साथ पौधरोपण अभियान चलाते हैं। वे वॉल पेंटिंग कर लोगों को जागरूक करते हैं। दिवाली पर मिट्टी के दीपक बांटकर पटाखे न फोड़ने की अपील करते हैं। रमन ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भी युवा उनके साथ आ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी