अघोषित कट से परेशान लोगों ने फिर दी प्रदर्शन की चेतावनी

नेरवा में बार-बार लग रहे अघोषित कट से परेशान विद्युत उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 03:51 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 03:51 PM (IST)
अघोषित कट से परेशान लोगों 
ने फिर दी प्रदर्शन की चेतावनी
अघोषित कट से परेशान लोगों ने फिर दी प्रदर्शन की चेतावनी

क्षितिज सूद, नेरवा

नेरवा में बार-बार लग रहे अघोषित कट से परेशान विद्युत उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड को चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान न हुआ तो वे सड़क पर उतर कर बोर्ड के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे। दिनभर लगने वाले अघोषित बिजली कट और कई बार पूरी रात बत्ती गुल रहने से व्यापारी, छात्र व गृहिणियां परेशान हैं।

क्षेत्र के लोग बिजली की समस्या को लेकर वर्ष 2016 एवं इस साल छह मार्च को बिजली बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं। जब भी लोग बिजली बोर्ड के खिलाफ मोर्चा खोलते हैं तो बोर्ड के अधिकारी जल्द समस्या से निजात दिलवाने का आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। हालांकि लोगों के विरोध के बाद कुछ समय के लिए समस्या खत्म हो जाती है, लेकिन उसके बाद फिर वही हाल रहता है।

इस बार प्रदर्शन के दौरान बिजली बोर्ड एवं ट्रांसमिशन कारपोरेशन के अधिकारियों ने नेरवावासियों को भरोसा दिया था कि नेरवा बाजार में केबल बिछाने का कार्य 15 दिन के भीतर कर दिया जाएगा, लेकिन छह माह बीत जाने के बावजूद न तो नेरवा में केबल बिछाकर इसे चालू किया गया है और न ही 22 केवी सब स्टेशन का कार्य चार माह की अतिरिक्त अवधि बीतने पर पूरा हो सका है। हालांकि लास्टाधार 66 केवीए सब स्टेशन का कार्य प्रगति पर जरूर है, लेकिन इसके निर्धारित अवधि में पूरा होने को लेकर संशय है।

नगर पंचायत नेरवा की अध्यक्ष बबिता तंगड़ाईक, मनोनीत पार्षद अमन सूद, व्यापार मंडल नेरवा के अध्यक्ष राजीव भिख्टा, उपाध्यक्ष दिनेश अमरेट, सचिव जगत चौहान, समस्त व्यापारियों एवं पंचायत नेरवा चंदलोग के बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली बोर्ड को चेतावनी दी है कि विद्युत समस्या का शीघ्र निदान किया जाए। नेरवा में 22 केवी सब स्टेशन का निर्माण कार्य 15 अक्टूबर तक पूरा कर इसे चालू नहीं किया गया तो चौपाल की जनता सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाएगी। नेरवा में आ रही विद्युत समस्या को ढूंढ लिया गया है। खराबी को ठीक कर कल तक समस्या का हल निकाल लिया जाएगा।

- चंद्रसेन, अधिशाषी अभियंता विद्युत मंडल चौपाल। इस साल कोविड के चलते लाकडाउन की वजह से नेरवा में बन रहे 22 केवी सब स्टेशन का कार्य करने वाले ठेकेदार की लेबर कार्य छोड़ कर चली गई थी, जिस कारण कार्य में विलंब हुआ है। कार्य को फिर से शुरू कर दिया गया है एवं इसे 10 अक्टूबर तक पूरा कर सब स्टेशन को चालू कर दिया जाएगा।

- लोकेश ठाकुर, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वृत्त शिमला।

chat bot
आपका साथी