गांव की सरकार चुनने घर से निकले बुजुर्ग

जागरण संवाददाता शिमला पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में जहां हर उम्र के लोग अपना जज्बा दिखा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 04:58 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 04:58 PM (IST)
गांव की सरकार चुनने घर से निकले बुजुर्ग
गांव की सरकार चुनने घर से निकले बुजुर्ग

जागरण संवाददाता, शिमला : पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में जहां हर उम्र के लोग अपना जज्बा दिखा रहे थे, वहीं बुजुर्गो में भी वोट डालने का जोश खूब दिखा। बुजुर्ग अपने परिवार के सदस्यों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे। पुरुषों के साथ बुजुर्ग वोटरों में महिलाओं की तादाद काफी रही। प्रत्याशियों ने भी बुजुर्गो को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए इंतजाम किए थे। हालांकि सुबह के समय बुजुर्ग वोटरों की संख्या कम रही, लेकिन धूप खिलते ही यह संख्या बढ़ने लगी। 75 से 100 साल तक के बुजुर्ग वोट डालने के लिए पहुंचे। उन्होंने युवाओं को मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की। सभी को करना चाहिए मतदान

पंचायत पगोग के बड़श मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंची 97 वर्षीय दासिया देवी ने कहा कि मतदान के महत्व के बारे में उन्हें जानकारी है। अच्छे व्यक्ति का चुनाव तभी हो सकता है जब सभी मतदान करें। मतदान हमारा अधिकार है सभी को इस अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। विकास के नाम पर करता हूं मतदान

पंचायत तारापुर के धगोगी मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंचे 90 वर्षीय लच्छी राम ने कहा कि वर्षो से मतदान करता आ रहा हूं। क्षेत्र के विकास के नाम पर मतदान करता हूं। अब चलना-फिरना कम हो गया है, लेकिन मतदान करने के लिए फिर भी पहुंचा हूं। मतदान से मजबूत होगा लोकतंत्र

पगोग पंचायत में मतदान करने पहुंचे 78 वर्षीय छज्जू राम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान आवश्यक है। नई पीढ़ी को भी इसके लिए जागरूक होना होगा। सभी मतदान करेंगे तो लोकतंत्र मजबूत होगा और गांव की एक सशक्त सरकार का निर्माण होगा। एक वोट भी होता है निर्णायक

पगोग पंचायत में मतदान करने पहुंची 85 वर्षीय सुमा देवी ने कहा कि अपनी बहू के साथ मतदान करने आई हूं। यह जरूरी था। गांव का विकास तभी हो सकता है जब हम अच्छे व्यक्ति को चुनकर लाएंगे। इसके लिए एक वोट भी निर्णायक होता है। सभी को मतदान करना चाहिए

पंचायत तारापुर के धगोगी मतदान केंद्र में अपने बेटे के साथ मतदान करने पहुंचे 84 वर्षीय हुकमी राम ने कहा कि मतदाता ही मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करता है। सबकी जिम्मेदारी है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करें। विवेक से करती हूं मतदान

पगोग पंचायत में मतदान करने पहुंची 86 वर्षीय शांति देवी ने कहा कि वह हमेशा मतदान करती हूं। मतदान से पूर्व बहुत से लोग उनके पास वोट मांगने भी पहुंचते हैं। लेकिन वह अपने विवेक का इस्तेमाल कर ही मतदान करती हैं। यह सबका अधिकार है इसका उपयोग सभी को जरूर करना चाहिए। योग्य प्रतिनिधि के लिए मतदान जरूरी

तारापुर पंचायत के धगोगी मतदान केंद्र पर 82 वर्षीय हरी राम ने कहा कि गांव के विकास के लिए मतदान आवश्यक था। गांव का विकास तभी होगा जब एक योग्य व्यक्ति जीत कर आएगा। योग्य व्यक्ति को तभी आगे ला सकते हैं जब सभी मतदान करेंगे। मतदान से लोकतंत्र की जड़ें होती हैं मजबूत

ठियोग के धरेच गांव की 84 वर्षीय कुब्जा वर्मा गुवाच मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचीं। उनका कहना है कि मैं लोकतंत्र के महापर्व में उत्साह के साथ हिस्सा लेती हूं। चुनाव चाहे लोकसभा, विधानसभा का हो या फिर पंचायती राज का, मैं हर चुनाव में मतदान करने जाती हूं। हर नागरिक को मतदान करना चाहिए। मतदान से लोकतंत्र की जड़ें मजबूत होती हैं। मतदान सभी का संवैधानिक अधिकार

ठियोग के धरेच की 59 वर्षीय कौशल्या वर्मा ने गुवाच मतदान केंद्र पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मतदान नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। सभी को मतदान का महत्व समझना चाहिए। इस दायित्व का भलीभांति निर्वहन करने से हम सशक्त प्रतिनिधि का चुनाव कर सकते हैं। मतदान कर सही और सशक्त व्यक्ति का ही चुनाव करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी