कोरोना के साथ अधिक घातक हो सकता है डेंगू

प्रदेश में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। वहीं बरसात में डेंगू की

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Aug 2020 07:07 PM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2020 06:20 AM (IST)
कोरोना के साथ अधिक घातक हो सकता है डेंगू
कोरोना के साथ अधिक घातक हो सकता है डेंगू

जागरण संवाददाता, शिमला : प्रदेश में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। वहीं, बरसात में डेंगू की आशंका भी बढ़ जाती है। कोरोना के साथ डेंगू अधिक घातक हो सकता है। यह दोनों रोग शरीर के दो से अधिक हिस्सों को प्रभावित कर सकते हैं। मल्टी ऑर्गन फेलियर से व्यक्ति की मौत की आशंका बढ़ जाती है।

इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आइजीएमसी) शिमला के विशेषज्ञ डॉ. संजय महाजन का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में ग्लोबल वार्मिग बढ़ने के साथ डेंगू के मरीजों में इजाफा हुआ है। दो साल से हिमाचल में डेंगू ने ज्यादा असर दिखाया है। गर्मी अधिक होने की वजह से मच्छर ज्यादा पनपते हैं और लोगों को शिकार बनाते हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को सीजनल बीमारियों के खिलाफ सचेत होना चाहिए।

------

डेंगू के लक्षण और बचाव

डेंगू एडीज मच्छरों के काटने से होता है। इस रोग में तेज बुखार के साथ शरीर पर लाल-लाल धब्बे दिखाई देते हैं। इसमें 104 डिग्री तेज बुखार आता है और सिर में तेज दर्द होता है। शरीर के साथ जोड़ों में भी दर्द होता है। खाना पचाने में दिक्कत होती है। उल्टी होना, भूख कम लगना व ब्लड प्रेशर कम हो जाना, चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना और बॉडी में प्लेटलेट्स की कमी हो जाना प्रमुख लक्षण हैं।

गर्मी और बारिश में यह मच्छर तेजी से पनपता है। डेंगू के मच्छर हमेशा पानी में पनपते हैं, जैसे छत पर लगी पानी की टंकी, घड़ों और बाल्टियों में जमा पीने का पानी, कूलर का पानी, गमलों में भरा पानी। ऐसी सभी जगहों पर बिना ढक्कन पानी जमा न होने दें और घर के अंदर व बाहर सफाई रखें। डॉक्टर रोगी को अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह देते हैं।

-------

साल 2018 में आए थे 4700 मामले

वर्ष 2018 में दिसंबर तक प्रदेश में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 4700 के पार हो गया था, जबकि छह लोगों की मौत हुई थी। साल 2019 में 2000 मामले आए थे। इस साल अभी तक दो ही मामले सामने आए हैं।

chat bot
आपका साथी