विभागों ने दिखाई 50 साल की उपलब्धियां

शिमला के रिज मैदान पर आयोजित स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम में विभिन्न ि

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 08:07 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 08:07 PM (IST)
विभागों ने दिखाई 50 साल की उपलब्धियां
विभागों ने दिखाई 50 साल की उपलब्धियां

रामेश्वरी ठाकुर, शिमला

शिमला के रिज मैदान पर आयोजित स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने प्रदेश के 50 साल के विकास की उपलब्धियां दर्शाने के लिए प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने किया। इस मौके पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी उपस्थित रहे।

पर्यटन विभाग ने उपलब्धियों को दर्शाने के लिए रोपवे परियोजनाओं और नागरिक उड्डयन के तहत मॉडल और बोर्ड लगाए थे। वहीं मंदिरों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों सहित देवभूमि से जुड़े कई विकास कार्यो को दर्शाया। पर्यटन विकास निगम की ओर से नई राहें नई मंजिलें कार्यक्रम के तहत शिमला में स्कीइंग, मंडी के जंजैहली में ईको टूरिज्म, बीड़ बिलिंग, चूड़धार में गतिविधियों के बारे में दर्शाया। लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रदेशभर में बनाए गए स्मार्ट पुल, भवनों, एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट सहित कई विकास कार्यो की जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग ने 50 साल के तय किए गए सफर ने दिखाया कि कैसे खराब स्कूल भवनों की जगह अब स्मार्ट क्लास रूम, बैठने के लिए टाटपट्टी की जगह बैंच, कोरोना काल में हर घर पाठशाला सहित अन्य आयामों को बताने वाली उपलब्धियां दर्शाई। ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग ने गांव के बदलते स्वरूप को मॉडल के जरिये प्रदर्शित किया। इसके अलावा ग्रामीण आवास के सफर की गाथा भी पोस्टर व एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दर्शायी गई। इसमें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लोगों के लिए बने नए घरों का स्वरूप दिखाया गया।

हिम ऊर्जा की ओर से स्थापित किए गए सोलर पैनल की सफलता की कहानी भी दर्शाई गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेश भर में चलाई गई विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, आधुनिक तकनीक वाले स्वास्थ्य संस्थानों, इलाज के लिए उपयोग की जाने वाली आधुनिक तकनीकों से लेकर विभिन्न आयामों की गाथा को आकर्षक प्रदर्शनी के तौर पर प्रदर्शित किया गया। इसमें कोरोना काल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों की ओर से दिए गए योगदान को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया। इसके अलावा डाक विभाग ने भी प्रदर्शनी लगाई।

chat bot
आपका साथी