नाभा से लौटकर क्वारंटाइन की गई महिला की आइजीएमसी शिमला में मौत, प्रशासन ने सील किया अस्पताल

राजधानी शिमला के आइजीएमसी में वीरवार को क्वारंटाइन की गई महिला को इलाज के लिए लाया गया।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Thu, 07 May 2020 06:23 PM (IST) Updated:Thu, 07 May 2020 06:23 PM (IST)
नाभा से लौटकर क्वारंटाइन की गई महिला की आइजीएमसी शिमला में मौत, प्रशासन ने सील किया अस्पताल
नाभा से लौटकर क्वारंटाइन की गई महिला की आइजीएमसी शिमला में मौत, प्रशासन ने सील किया अस्पताल

शिमला, जागरण संवाददाता। राजधानी शिमला के आइजीएमसी में वीरवार को क्वारंटाइन की गई महिला को इलाज के लिए लाया गया। यह महिला शिमला के नाभा की रहने वाली है। सुबह के समय अस्पताल पहुंचाने पर महिला का डॉक्टरों ने चेकअप किया तो महिला मृत पाई गई। मृत महिला का कोरोना का टेस्ट करने के बाद उसे शवगृह में रखा गया। अस्पताल प्रशासन ने महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद अस्पताल को तीन घंटे के लिए सील कर दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर से लेकर ई-ब्लॉक तक के रास्ते रेलिंग और सीढ़ियों को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया।

इसके बाद ही गेट के बाहर खड़े मरीजों और कर्मचारियों को अंदर प्रवेश करने दिया गया। इसके अलावा ई-ब्लॉक की ओर जाने वाले रास्ते में डॉक्टरों व स्टाफ के अलावा मरीजों और तीमारदारों को नहीं जाने दिया गया। बताया जा रहा है महिला पिछले पांच सालों से अस्थमा की मरीज थी। साथ ही महिला का वजन करीब 150 किलो था। महिला बुधवार को पटियाला से शिमला लौटी थी।

वीरवार सुबह सांस में आई परेशानी के चलते उसे अस्पताल लाया गया था। आइजीएमसी के प्रधानाचार्य डॉ. मुकुंद लाल ने बताया महिला बाहरी राज्य से आने के बाद होम क्वारंटाइन थी। अस्पताल में मृत पाई गई। कोरोना के प्रति सतर्कता बरतते हुए महिला का कोरोना का टेस्ट किया गया है। फिलहाल रिपोर्ट आने का इंतजार है।

कोरोना पॉजिटिव महिला और एक अन्य मरीज को मशोबरा किया शिफ्ट

सरकाघाट के युवक की कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उसकी मां भी पॉजिटिव पाई गई है व उसका ताया भी चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में है। इन दोनों को मशोबरा स्थित कोरोना समर्पित देखरेख केंद्र में भर्ती करवाया गया है। सीएमओ शिमला डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिला में जगह-जगह कोरोना समर्पित देखरेख केंद्र बनाए गए हैं, जहां एसिम्टोमेटिक मरीजाें को रखा जाएगा।

कोरोना पॉजिटिव आई महिला को मशोबरा शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा मृतक के ताया को भी यहीं शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि महिला के अंदर कोरोना के लक्षण दिखाई नहीं दिए हैं। मृतक के ताया की कोराेना रिपाेर्ट नेगेटिव आई है लेकिन आगामी दिनों में उनके अंदर लक्षण दिखाई दे सकते हैं। आगामी दिनों तक दोनों को मशोबरा केंद्र में रखा जाएगा। जहां दोनों को भवन की अलग-अलग मंजिलों में रखा जाना है।

chat bot
आपका साथी