12 जिला परिषद सीटें जीती कांग्रेस, अध्यक्ष बनना तय
अनिल ठाकुर शिमला जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते
अनिल ठाकुर, शिमला
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की है। ऐसे में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा लगभग तय है। अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस पार्टी में लॉबिग शुरू हो गई है। रोस्टर के हिसाब से इस बार शिमला जिले में अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। 50 फीसद सीटों पर महिलाएं जीत कर आई हैं। इन्हीं में से अध्यक्ष पद का चयन किया जाना है। जिले में कांग्रेस समर्थित 12, भाजपा समर्थित पांच और अन्य में सात उम्मीदवार जीते हैं।
अध्यक्ष पद के लिए पार्टी में अंदरखाते लॉबिग भी शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष और जिला शिमला के प्रभारी गंगुराम मुसाफिर की अध्यक्षता वाली कमेटी अध्यक्ष का फैसला करेगी। जल्द ही इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अध्यक्ष बनाने के लिए जिला परिषद जीतकर आए प्रत्याशियों की राजनीतिक पृष्ठभूमि को भी देखा जाएगा। इनमें से कितने उम्मीदवार ऐसे हैं जो कांग्रेस के किसी संगठन से संबंध रखते हैं। कितने पहले प्रधान, उपप्रधान या पंचायत समिति सदस्य के पद पर निर्वाचित हो चुके हैं। पार्टी के लिए इन्होंने कितना काम किया है इन सभी तथ्यों को देखा जाएगा। पार्टी इसके बाद ही अंतिम फैसला लेगी। संगठन में संतुलन और समन्वय बनाकर चुना जाएगा अध्यक्ष
जिला परिषद शिमला पर कांग्रेस का ही कब्जा रहा है। पार्टी इस बार भी संगठन में संतुलन और समन्वय बनाकर ही अध्यक्ष पद का फैसला करेगी। त्यावल ज्यूरी वार्ड से जीती चंद्रप्रभा नेगी पहले भी जिला परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं। हलोग धामी वार्ड से जीतीं प्रभा वर्मा पहले बीडीसी की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा वह पंचायत प्रधान भी रह चुकी हैं। वरिष्ठता के अनुसार अध्यक्ष की दौड़ में यह भी शामिल हैं। इसके अलावा संतोष शर्मा, लता वर्मा, रीना, मोनिता पहली बार जीत कर आई हैं। मतगणना की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब आगामी प्रक्रिया के लिए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगुराम मुसाफिर को शिमला जिला का ऑब्जर्वर लगाया गया है। वह आगामी प्रक्रिया में जिला परिषद के जीत कर आए कांग्रेस समर्थित जिला परिषद सदस्यों से बातचीत कर आम सहमति से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चयन को अंतिम रूप देंगे।
यशवंत छाजटा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी।