समस्याओं का तुरंत पता लगाकर सुधार करें अधिकारी : जयराम

हिमाचल प्रदेश में हुए उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद सीएम जयराम ठाकुर ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं को जल्द निपटाने को आदेश दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Nov 2021 11:00 PM (IST) Updated:Sat, 06 Nov 2021 11:00 PM (IST)
समस्याओं का तुरंत पता लगाकर
सुधार करें अधिकारी : जयराम
समस्याओं का तुरंत पता लगाकर सुधार करें अधिकारी : जयराम

राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल प्रदेश में हुए उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को पौने दो घंटे तक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आगाह किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं में खामियां दोबारा नहीं आनी चाहिएं। अधिकारी समस्याएं पैदा न करें बल्कि इनका समाधान निकालें। समस्याओं का तुरंत पता लगाकर सुधार करें।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। विकासात्मक परियोजनाओं से संबंधित लक्ष्यों को समयबद्ध हासिल किया जाए। सरकार विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में भी संकोच नहीं किया जाएगा। आमजन से संबंधित मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाए ताकि प्रदेश और जनता लाभान्वित हो सके।

जेओए आइटी, जेबीटी, पीटीआइ, एनटीटी की भर्ती मुद्दे का समाधान हो

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विभिन्न श्रेणियों जैसे जेओए आइटी, जेबीटी, पीटीआइ, एनटीटी आदि की भर्ती से संबंधित मुद्दों का समाधान शीघ्र किया जाए। करुणामूलक आधार पर होने वाली भर्तियों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए क्योंकि इससे न केवल मृतक के स्वजन को लाभ होगा बल्कि जरूरतमंदों को रोजगार भी मिलेगा। लंबित परियोजनाओं के कार्य में लाएं तेजी

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनजीटी में विचाराधीन होने के कारण लंबित सभी विकास परियोजनाओं के कार्य में भी तेजी लाई जाए ताकि परियोजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। लोगों को इन परियोजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है। इससे लागत भी बढ़ रही है। नाबार्ड, पीएमजीएसवाई के संबंध में लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के लिए भी कहा ताकि परियोजनाओं की प्रगति में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों को राज्य में विभिन्न सड़कों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। ढिलाई को गंभीरता से लिया जाएगा

बकौल जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। इस संबंध में किसी भी तरह की ढिलाई को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक सचिवों को संबंधित विभागों के लंबित मुद्दों की पहचान करने के भी निर्देश दिए ताकि इनका शीघ्र निवारण किया जा सके। सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों का होगा प्रभावी क्रियान्वयन : मुख्य सचिव

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी शर्मा के कार्यालय से सरकार के सभी आला अधिकारियों को फोन करके बुलाया गया। मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि प्रशासनिक सचिव राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और जेसी शर्मा, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, रजनीश व सुभाशीष पांडा, सचिव देवेश कुमार, अक्षय सूद, अजय शर्मा, विकास लाबरू, सी पाल रासू, राजीव शर्मा और एसएस गुलेरिया भी बैठक में उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी