मुख्यमंत्री खुद वैक्सीन लेकर पहुंचे डोडरा क्वार

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को जिला शिमला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार के दौरे पर थे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 06:56 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 07:40 PM (IST)
मुख्यमंत्री खुद वैक्सीन लेकर पहुंचे डोडरा क्वार
मुख्यमंत्री खुद वैक्सीन लेकर पहुंचे डोडरा क्वार

संवाद सूत्र, रोहड़ू : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को जिला शिमला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार के दौरे पर थे। इस दौरान जयराम ठाकुर खुद डोडरा क्वार क्षेत्र के लोगों के लिए शिमला से कोरोना वैक्सीन की 2500 खुराक अपने साथ लेकर पहुंचे। दौरे के दौरान डोडरा क्वार के छात्र भी मुख्यमंत्री से मिले और उनसे स्कूल शीघ्र खोलने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 7.02 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखीं।

उन्होंने कहा कि डोडरा क्वार में राज्य विद्युत बोर्ड का उपमंडल खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल की क्षमता और बेहतर बनाने के लिए यहां पर बीएसएनएल और एयरटेल के टावर स्थापित करने का मामला संबंधित प्राधिकरणों से उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लरोट से डोडरा क्वार सड़क के कार्य को गति प्रदान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस बारे में कोताही सहन नहीं होगी। संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई ठेकेदार दोषी पाया जाता है तो उसे ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। मौसम के कारण हेलीकाप्टर की आपात लैंडिंग

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर डोडरा क्वार के हेलीपैड से हेलीकाप्टर से दो बजे शिमला के अनाडेल के लिए रवाना हुए। इस दौरान मौसम के कारण हेलीकाप्टर को फागू क्षेत्र से लौटना पड़ा। काफी देर तक मौसम खुलने के इंतजार में हेलीकाप्टर उड़ता रहा। इसके बाद ढाई बजे हेलीकाप्टर को सरस्वतीनगर खेल मैदान हेलीपैड में उतारना पड़ा। इस दौरान सरकारी अमला भी साथ था। प्रशासन के प्रबंध दिखे नाकाफी

हेलीकाप्टर की आपात लैंडिंग के दौरान यहां प्रशासन के प्रबंध नाकाफी दिखे। मुख्यमंत्री को कालेज स्टाफ की गाड़ी में हाटकोटी मंदिर में माता के दर्शन करवाने लाया गया। यहां भी कोई सरकारी वाहन उपलब्ध नहीं करवाया गया। इसके बाद उन्हें भाजपा आइटी सैल के प्रदेश संयोजक चेतन बरागटा की गाड़ी लेकर आना पड़ा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खड़ापत्थर सेब मंडी में अदानी, आढ़तियों और बागवानों की समस्याओं को भी जाना। मुख्यमंत्री ने बागवानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

chat bot
आपका साथी