श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मांगने का अधिकार भाजपा को : महेंद्र सिंह

जल शक्ति एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मांग रही है जबकि यह हक बीजेपी को है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 12:10 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 12:10 AM (IST)
श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मांगने का अधिकार भाजपा को : महेंद्र सिंह
श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मांगने का अधिकार भाजपा को : महेंद्र सिंह

संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ : जल शक्ति एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मांग रही है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह अर्की विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे न कि मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद। यदि श्रद्धांजलि के नाम पर वोट मांगने का अधिकार है तो वह मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रहे स्वर्गीय रामस्वरूप के नाम पर भाजपा को है, जिन्होंने इस क्षेत्र में समान विकास किया है।

मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को जिला किन्नौर से बढ़त दिलाने के उद्देश्य से महेंद्र सिंह ठाकुर तीन दिवसीय दौरे पर रविवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ पहुंचे। यहां वन विकास निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी, किन्नौर प्रभारी शशिदत्त व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव हारा ने उनका स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि भाजपा की ओर से कारगिल युद्ध के हीरो ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारा है। जिस तरह उन्होंने कारगिल युद्ध जीता है उसी तरह मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी को पराजित कर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कारगिल युद्ध पर टिप्पणी कर इस युद्ध में बलिदान देने वाले और घायल हुए सैनिकों का अपमान किया है, जिसका जवाब बहुत जल्द मतदान के माध्यम से मिलेगा। मंत्री ने कहा कि दो बार मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद रहीं प्रतिभा सिंह सांसद निधि का हिसाब दें, जबकि एक सांसद को एक वर्ष में करोड़ों की निधि मिलती है। इसका इस्तेमाल कहां किया गया इसका जवाब जनता को दें। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिभा सिंह ने सांसद रहते किन्नौर जिला में कोई विकास कार्य नहीं करवाया, न ही जीतने के बाद मंडी संसदीय क्षेत्र का दौरा किया।

महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा मंडी संसदीय क्षेत्र में सरकार की योजनाओं व विकास सहित देश की मजबूती के नाम पर जनता से वोट मांगेगी और यहां के स्थानीय मुद्दों को आने वाले समय में हल करने की पूरी कोशिश करेगी। मंत्री ने कहा कि बहुत जल्द मुख्यमंत्री की ओर से किन्नौर के पात्र व्यक्तियों को नौतोड़ मुहैया करवाने की व्यवस्था की जाएगी।

chat bot
आपका साथी