लाहुल स्पीति में हिमखंड गिरा, फुटब्रिज दबा

हिमाचल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी अौर मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक बारिश होने से होती समूचा प्रदेश शीतलहर व ठंड की चपेट में है

By Edited By: Publish:Mon, 18 Feb 2019 07:49 PM (IST) Updated:Tue, 19 Feb 2019 08:26 AM (IST)
लाहुल स्पीति में हिमखंड गिरा, फुटब्रिज दबा
लाहुल स्पीति में हिमखंड गिरा, फुटब्रिज दबा

शिमला, जेएनएन। हिमाचल की चोटियों पर सोमवार को बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई। लाहुल स्पीति जिले के चौखण व नैनधार के बीच हिमखंड गिरने से एक फुटब्रिज दब गया। हिमखंड के नीचे दबने के कारण यह पता नहीं चल पाया है कि फुटब्रिज टूटा है या नहीं। मौसम खराब होने के कारण सोमवार को लाहुल-स्पीति के लिए भुंतर से हेलीकॉप्टर की उड़ान रद हो गई।

मंडी जिला में पराशर गए आइआइटी मंडी के छह विद्यार्थी लौटते समय बर्फबारी के कारण रास्ता भटक गए। हालांकि रविवार देर रात दो बजे रेस्क्यू अभियान के बाद प्रशासन ने उन्हें खोज निकाला। विद्यार्थियों में एक छात्रा भी है। ठंड व भूख से इनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इन्हें आइआइटी में पहुंचा दिया गया है। वहीं, प्रदेश के ऊंचाई वाले अधिकतर इलाकों में सोमवार को ठंडी हवा चली। इससे प्रदेश फिर शीतलहर की चपेट में है। सोमवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य रहा। हालांकि अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। प्रदेश में रविवार रात कोठी, उदयपुर, केलंग, कल्पा, पूह व सांगला में बर्फबारी हुई।

बंद रहीं 245 सड़कें

प्रदेशभर में सोमवार को 245 सड़कें बर्फबारी के कारण बंद रहीं। शिमला जोन में 33, मंडी जोन में 169 और कांगड़ा जोन में 40 सड़कें बंद हैं। प्रदेश में बर्फबारी से लोक निर्माण विभाग को 175 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पांच जिलों में आज हिमस्खलन की चेतावनी आपदा प्रबंधन विभाग ने पांच जिलों शिमला, कुल्लू, सिरमौर, चंबा व लाहुल स्पीति में 19 फरवरी को हिमस्खलन होने की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए 20 व 21 फरवरी को यलो अलर्ट जारी किया गया है।

यलो अलर्ट का अर्थ है कि लोग मौसम से संबंधित जानकारी से अपडेट रहें। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 19 से 24 फरवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 20 व 21 फरवरी को भारी बारिश, ओलावृष्टि व बर्फबारी जबकि निचले व मैदानी इलाकों में बारिश की चेतावनी दी गई है।

कहां कितना रहा तापमान

स्थान, न्यूनतम, अधिकतम

केलंग, -8.4,  0.0

कल्पा,  -3.8,4.5

कुफरी, -2.9,5.8

मनाली, -0.8,8.4

डलहौजी, -0.7,6.4

शिमला,1.7,10.2

भुंतर, 4.0,14.0

धर्मशाला,4.2,12.8

पालमपुर, 5.5,13.5

सोलन, 6.6,15.0

मंडी, 6.3,17.2

सुंदरनगर,7.9,16.1

चंबा, 7.4,15.1

ऊना, 9.4,19.0 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)

chat bot
आपका साथी