कैदियों के बनाए बेकरी उत्पाद की बढ़ी मांग

हिमाचल प्रदेश जेल एवं कारागार सुधार सेवा निदेशालय विभाग की ओर से गेयटी थियेटर में चार दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 07:23 PM (IST) Updated:Fri, 26 Nov 2021 08:22 PM (IST)
कैदियों के बनाए बेकरी उत्पाद की बढ़ी मांग
कैदियों के बनाए बेकरी उत्पाद की बढ़ी मांग

जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश जेल एवं कारागार सुधार सेवा निदेशालय विभाग की ओर से गेयटी थियेटर में चार दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। प्रदर्शनी में प्रदेश की विभिन्न जेलों में बंद कैदियों की ओर से बनाए उत्पादों को रखा गया है। प्रदर्शनी में सबसे ज्यादा कैथू जेल से आए सतपाल सिंह के स्टाल से बेकरी का सामान मठरी, नमकीन, बिस्कुट, केक और क्रीमरोल पसंद किया जा रहा है। शिमला स्थित कैथू जेल, सेंट्रल जेल कंडा और नाहन के अलावा प्रदेशभर की जेलों के कैदी जीविका कमाने के लिए उत्पाद तैयार कर रहे हैं। इन जेलों से सूती, ऊनी वस्त्र, शाल, मफलर, जुराबों के अलावा कंबल, दरियां और लकड़ी से बना सजावटी सामान, चीड़ की पत्तियों के शोपीस व रोटी रखने की टोकरी तैयार सामान प्रदर्शनी में लगाया गया है। प्रदर्शनी में कंडा एवं कैथू जेल के कैदियों की ओर से बनाया बेकरी का सामान और फर्नीचर भी उपलब्ध है।

कंडा जेल से आए हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने बताया कि इस तरह की प्रदर्शनी के आयोजन का उद्देश्य कैदियों की ओर से बनाए उत्पादों की बिक्री करवाकर उनका पुनर्वास करना है। प्रदर्शनी के लगने से कैदियों के सामान के बिकने से उन्हें खूब प्रोत्साहन मिलता है। इससे उन्हें खुशी होती है और साथ ही आजीविका में भी बढ़ोतरी होती है। शहर समेत बाहर से आने वाले लोग प्रदर्शनी में पहुंच कर गुणवत्तायुक्त बेकरी उत्पादों का स्वाद ले रहे हैं। कैदियों द्वारा बनाए इन उत्पादों को स्थानीय ही नहीं पर्यटक भी खूब पसंद कर रहे हैं। लकड़ी से बने उत्पाद लोगों को आ रहे पसंद

प्रदर्शनी में लकड़ी से बने उत्पादों में मंदिर, चरखा, डबल बेड, साइड टेबल, सेंटर टेबल, राक चेयर को सजाया गया है। सजावटी सामान को लोग खूब पसंद कर रहे हैं, इतना ही नहीं लोग सामान का आर्डर भी दे रहे हैं। लकड़ी का सामान लेकर कंडा जेल से आए राज कपूर यादव ने बताया कि डबल बेड बनाने में चार दिन व राक चेयर बनाने में तीन दिन का समय लग जाता है। इस समय मुझे पहले ही दिन में लोगों ने डबल बेड के तीन, कार्नर के दो, सेंटर टेबल के तीन, राक चेयर के दो आर्डर मिल चुके हैं।

chat bot
आपका साथी