मतदान में बुजुर्गों व युवाओं ने दिखाया उत्साह

जागरण टीम मंडी नगर निगम मंडी व धर्मपुर में पंचायत प्रधानों के चुनाव में मतदान करने के लिए ल

By JagranEdited By: Publish:Wed, 07 Apr 2021 05:40 PM (IST) Updated:Wed, 07 Apr 2021 05:40 PM (IST)
मतदान में बुजुर्गों व युवाओं ने दिखाया उत्साह
मतदान में बुजुर्गों व युवाओं ने दिखाया उत्साह

जागरण टीम, मंडी : नगर निगम मंडी व धर्मपुर में पंचायत प्रधानों के चुनाव में मतदान करने के लिए लोगों ने खासा उत्साह दिखाया। युवाओं से लेकर बुजुर्ग मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे।

नगर निगम के तल्याहड़ वार्ड में 92 साल की बुजुर्ग सुरजू देवी, खलियार वार्ड में 91 वर्षीय बलवंत कपूर, बैहना वार्ड में अधरंग से पीड़ित 72 वर्षीय ईश्वर चंद ने मतदान कर युवा पीढ़ी के लिए मतदान का संदेश दिया।

वहीं खलियार वार्ड में 91 वर्षीय बलवंत कुमार, 86 वर्षीय अंजना कपूर, पुरानी मंडी में 80 वर्षीय इंदिरा देवी, वार्ड दस सुहड़ा मोहल्ला में 87 वर्षीय महंती देवी, तल्याहड़ में 90 वर्षीय वीरी सिंह व उनकी पत्नी 87 वर्षीय कृष्णा देवी ने मतदान किया। बल्ह घाटी से छिटक कर नगर निगम में शामिल दौंहदी वार्ड में कल्पना देवी दो बच्चों के साथ मतदान केंद्र पहुंची। कल्पना ने बताया कि घर के कामकाज सुबह निपटाने के बाद वह मतदान करने के लिए पहुंची है। इसी वार्ड में 70 वर्षीय गंगा देवी ने भी सुबह ही मतदान कर कर्तव्य का पालन कर जिम्मेदार नागरिक होने का प्रमाण दिया। बैहना वार्ड में 72 वर्षीय बुजुर्ग अधरंग से पीड़ित होने के बावजूद वोट देने के लिए पहुंचे। 85 वर्षीय हिम्मती देवी व 82 वर्षीय कुंदन सिंह ने भी मतदान किया।

वहीं धर्मपुर की ज्यादातर पंचायतों में दोपहर बाद मतदान करने वालों की अधिक भीड़ रही। मतदान से पहले भी लोगों में प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चाएं होती रही। जबकि वोट डालने के बाद वोटर चुपचाप अपने घरों को निकलते नजर आए।

वहीं पहली बार हो रहे नगर निगम मंडी के चुनाव में पहली बार मतदान कर रहे युवा खुश दिखे। युवाओं का कहना था कि उनको उम्मीद है कि चुने गए प्रतिनिधि मंडी शहर के विकास में नए आयाम स्थापित करेंगे। मंगवाई वार्ड की तनवीर कौर कहती है कि पहली बार वोट डालकर बहुत अच्छा लगा है। थलेहड़ा वार्ड के चिराग ने बताया कि पहली बार वोट डालने पर लगा कि हम देशके विकास के लिए योगदन दे रहे हैं। पैलेस कॉलोनी की प्रियका सिंह ने बताया कि जब वोट डालने के लिए घर से निकली तो सोच रही थी कि मतदान कैसे करूंगी लेकिन मतदान बड़ी आसानी से हो गया। समेखतर की देवांशी मां के साथ मतदान करने आई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनका पहला वोट सफल रहेगा। पैलेस कॉलोनी की प्रज्ञा ने कहा कि वह वोट डालने के लिए उत्साहित थीं और सुबह ही वोट डालने सबसे पहले पोलिग बूथ पर पहुंच गई थी। पड्डल की सेजल ने कहा कि वह मतदान करके उत्साहित हैं। उन्होंने वोट डालने की सबसे पहले सूचना अपने स्वजनों को फोन पर दी। युवा मतदाताओं ने कहा कि पहली बार हो रहे नगर निगम के चुनावों में हमें मतदान का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने के बाद मंडी विकास की और बढ़ेगा।

chat bot
आपका साथी