जिला परिषद की सरदारी के तीन दावेदार

जागरण संवाददाता मंडी जिला परिषद मंडी की सरदारी के लिए कवायद तेज हो गई है। 29 जनवरी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 07:16 PM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 07:16 PM (IST)
जिला परिषद की सरदारी के तीन दावेदार
जिला परिषद की सरदारी के तीन दावेदार

जागरण संवाददाता, मंडी : जिला परिषद मंडी की सरदारी के लिए कवायद तेज हो गई है। 29 जनवरी को शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कुर्सी का फैसला होगा। 36 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा को 20 सीटें मिली हैं। पांच सीटों पर भाजपा के बागी विजयी रहे हैं। बागियों को मिलाकर भाजपा के पास 25 सदस्य हैं। कांग्रेस व माकपा की झोली में तीन-तीन सीटें आई हैं। पांच सीटों पर निर्दलीयों का कब्जा है।

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए अंक गणित पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में है। अध्यक्ष पद इस बार अनारक्षित है। वरिष्ठता की बात की जाए तो डैहर वार्ड से जीत हासिल करने वाले कर्म चंद चोपड़ा सबसे वरिष्ठ हैं। वह तीसरी बार जिला परिषद सदस्य चुनकर आए हैं। वह अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखते हैं। पांच साल पहले अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के पुरुष वर्ग के लिए आरक्षित था। ऐसे में उनकी दावेदारी पर विराम लग गया है। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया दूसरी बार चुनाव जीतकर आई हैं। सामान्य सीट पर माकपा एवं कांग्रेस के साझा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह को मात दी है। वह भी अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

नाचन हलके की बासा वार्ड से सदस्य मुकेश चंदेल व ममेल से बिहारी लाल का नाम भी दावेदार की फेहरिस्त में सबसे आगे है। बिहारी लाल एबीवीपी में कई अहम पदों पर रह चुके हैं।

--------------

पाल वर्मा, रजनी ठाकुर व प्रियंता भी सक्रिय

अध्यक्ष पद के लिए पाल वर्मा, द्रोपती उर्फ रजनी ठाकुर व प्रियंता शर्मा भी सक्रिय हो गए हैं। तीनों पहली बार जिला परिषद के लिए चुनकर आए हैं। द्रोपती मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह हलके सराज की मझोठी वार्ड से जीती हैं। वह दो बार प्रधान व एक बार बीडीसी अध्यक्ष रह चुकी हैं। प्रियंता शर्मा भाजपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नजदीकी रिश्तेदार है। भड़याल वार्ड से जीते पाल वर्मा को मुख्यमंत्री का आशीर्वाद है।

------------

आज लगेगी नाम पर मुहर

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर वीरवार को मुहर लगेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज मंडी के प्रवास पर होंगे। जिला के नेताओं के साथ चर्चा तय है।

chat bot
आपका साथी