पूर्व सैनिक के घर से 15 लाख के गहने, 65000 रुपये नकद व बंदूक चोरी

सहयोगी नेरचौक बल्ह हलके के नागचला में शुक्रवार रात चोरों ने पूर्व सैनिक के घर में से

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Mar 2021 07:57 PM (IST) Updated:Sat, 20 Mar 2021 07:57 PM (IST)
पूर्व सैनिक के घर से 15 लाख के गहने, 65000 रुपये नकद व बंदूक चोरी
पूर्व सैनिक के घर से 15 लाख के गहने, 65000 रुपये नकद व बंदूक चोरी

सहयोगी, नेरचौक : बल्ह हलके के नागचला में शुक्रवार रात चोरों ने पूर्व सैनिक के घर में सेंध लगाकर 15 लाख रुपये के गहने व 65000 रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर पूर्व सैनिक की बंदूक भी चुरा ले गए हैं।

पुलिस ने मनोहर लाल पुत्र सेवक राम निवासी गांव चिकड़ा रा गोहर (नागचला) की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनोहर लाल ने बताया कि वह शुक्रवार रात पत्नी देवकी देवी व माता भादरी देवी के साथ घर की पहली मंजिल में सोया था। रात करीब ढाई बजे घर की निचली मंजिल में ठक ठक की आवाज सुनाई दी। पति-पत्नी दोनों नींद से जागकर निचली मंजिल में गए। वहां मुख्य द्वार व दरवाजों पर ताले सही ढंग से लगे हुए थे। उसके बाद कोई आवाज नहीं सुनाई दी। सुबह पांच बजे उठने के बाद रोजाना के कार्यों में लग गए। पशुशाला में मवेशियों को चारा डालने के बाद उपरांत करीब सात बजे निचली मंजिल में झाड़ू लगाने के लिए दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देख मनोहर लाल के पांव तले जमीन खिसक गई। खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी। अलमारी से सोने व चांदी के आभूषणों के बॉक्स गायब थे। अलमारी में एक अटैची रखी थी। उसमें 65000 रुपये नकद थे। चोर नकदी के साथ अटैची भी ले गए थे।

चोरी हुए गहनों में दो सोने के हार, मंगलसूत्र, दो जोड़ी टॉप्स, चार अंगुठियां, एक चाक, दो टीक, माता की सोने की एक चेन, चांदी की पायल व 12 बोर वाली बंदूक भी चुराकर ले गए हैं। मनोहर लाल ने बताया आभूषणों की कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। सूचना मिलने पर बल्ह पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी बल्ह डीएसपी प्रोबेशनर प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी