आज सफर के लिए निजी बसों का ही सहारा

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मचारियों की 18 अक्टूबर को हड़ताल होगी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 05:07 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 05:07 PM (IST)
आज सफर के लिए निजी बसों का ही सहारा
आज सफर के लिए निजी बसों का ही सहारा

जागरण संवाददाता, मंडी : हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के कर्मचारियों की 18 अक्टूबर को होने वाली हड़ताल के कारण मंडी मंडल में 650 रूट पर बसें नहीं चलेंगी। इस मंडल के तहत मंडी, सरकाघाट, सुंदरनगर, धर्मपुर, कुल्लू व केलंग डिपो शामिल हैं। सोमवार को इन डिपो के रूट पर बसों के पहिये थम जाएंगे। लोगों को सफर के लिए निजी बसों का ही सहारा होगा। मंडी जिला में चलने वाली 265 निजी बसों के सहारे सवारियां रहेंगी।

संयुक्त समन्वय समिति (जेसीसी) की ओर से मांगों के पूरा न होने के कारण एचआरटीसी कर्मचारी हड़ताल करेंगे। सोमवार सुबह से ही बसों के पहिये थम जाएंगे। कुल्लू जिला से चलने वाली लग्जरी बसों के अगर रूट प्रभावित होते हैं तो जिन यात्रियों ने बुकिग करवाई होगी, उन्हें पैसे निगम वापस कर देगा। सबसे अधिक दिक्कत ग्रामीण इलाकों से आने वाले ऐसे लोगों जो सुबह निगम की बसों में आते हैं, उन्हें होगी। मंडी से सुबह पांच बजे हरिद्वार व शिमला जाने वाली बसें, संधोल, धर्मपुर और गोहर की ओर बसें अगर नहीं चलती हैं तो इन क्षेत्रों के लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। बसों से स्कूल आने वाले बच्चों को भी दिक्कत होगी। हालांकि परिवहन निगम की परिचालक यूनियन ने हड़ताल का समर्थन नहीं किया है लेकिन अगर चालक बसें नहीं चलाते हैं तो दिक्कत आएगी।

हमारी 265 रूट पर बसें चल रही हैं। सोमवार को भी बस सेवा जारी रहेगी।

गुलशन दीवान, जिलाध्यक्ष, निजी बस आपरेटर यूनियन, मंडी कुल्लू जिला में सोमवार को सभी निजी बसें 150 रूट पर चलेंगी। केलंग में भी निजी बसें सोमवार को चलाई जाएंगी।

रजत जम्वाल, निजी बस आपरेटर यूनियन, कुल्लू बसों के रूट सोमवार को प्रभावित होने पर जिन लोगों ने बुकिग करवाई है, उन्हें पैसे वापस कर दिए जाएंगे।

संतोष कुमार, डीएम, एचआरटीसी मंडी।

chat bot
आपका साथी