निगम के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें खस्ताहाल

संवाद सहयोगी मंडी नगर निगम में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत खस्ता है। मंडी

By JagranEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 11:44 PM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 11:44 PM (IST)
निगम के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें खस्ताहाल
निगम के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें खस्ताहाल

संवाद सहयोगी, मंडी : नगर निगम में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत खस्ता है। मंडी-कैहनवाल-सन्यारड़ी सड़क पर भूस्खलन से हिस्सा ढह गया है। वहीं, मंडी से सुंदरनगर वाया जरली मलोरी सड़क पर बरसात में वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है।

हिमाचल बचाओ संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष लक्ष्मेंद्र सिंह का कहना था कि नगर निगम मंडी में शामिल होने पर पंचायतों के लोग विकास को लेकर उत्साहित थे, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ रहे है। नगर निगम की सन्यारड़ वार्ड में सड़कों, रास्तों व स्ट्रीट लाइट्स की सुविधा नगण्य है। सन्यारड़ क्षेत्र में भूस्खलन से सड़क का एक हिस्सा गिर गया है। लोक निर्माण विभाग ने शेष बची सड़क के किनारे पत्थर रखकर अपने कर्तव्य को पूरा कर दिया है। रात के अंधेरे में कोई भी वाहन टूटी हुई सड़क की चपेट में आ कर हादसे का शिकार हो सकता है। मोर्चा के अध्यक्ष ने उपायुक्त मंडी से जवाबदेह अधिकारियों को सड़क की मरम्मत कार्य करने का आग्रह किया है। वहीं जवाबदेह अधिकारियों को भी सचेत किया है कि इस लापरवाही के चलते आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।

इधर, दूसरी ओर नगर निगम के नेला वार्ड के पार्षद राजेंद्र मोहन ने एसडीएम से मिल कर मंडी सुंदरनगर वाया जरली मलोरी सड़क की हालत को सुधारने का आग्रह किया है। एसडीएम को सौंपे पत्र में पार्षद ने कहा है कि भारी भरकम वाहन इस सड़क मार्ग पर दौड़ने से जरली के निकट एक छोटी पुलिया टूट गई है। इस कारण एचआरटीसी की बसों के साथ साथ निजी वाहन इस मार्ग पर नहीं चल पा रही है। स्थानीय लोगों को राशन, रसोई गैस के सिलेंडर सिर पर उठा कर लाना पड़ रहे हैं। सड़क मार्ग कीचड़ से लबालब होने के कारण वाहन चालकों के साथ साथ राहगीरों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। एसडीएम ऋतिका जिदल ने सड़क की खराब हालत सुधारने के लिए मांगपत्र मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क की दशा सुधारने के लिए निर्देश जारी किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी