इस बार शिवरात्रि में दिखेगा इतिहास

प्राचीन संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों के साथ-साथ शोध के विषय से जुड़े

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 08:07 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 08:07 PM (IST)
इस बार शिवरात्रि में दिखेगा इतिहास
इस बार शिवरात्रि में दिखेगा इतिहास

संवाद सहयोगी, मंडी : प्राचीन संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों के साथ-साथ शोध के विषय से जुड़े लोगों के लिए शिवरात्रि महोत्सव में इस बार कई तरह की जानकारियां व साहित्य संजोने का मौका मिलेगा। महोत्सव समिति ने इंदिरा मार्केट की छत पर 'री-लिव द पास्ट' नाम से एक बड़ी प्रदर्शनी लगाने का निर्णय लिया है। इसमें मंडी की पुरातन संस्कृति, जीवन शैली, रहन-सहन, खान-पान, पहनावा व आभूषण, कला, संस्कृति व इतिहास की स्वर्णिम आभा दिखाने व उसे जीवंत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

देवी-देवताओं से संबंधित दुर्लभ वस्तुओं के साथ पुरानी तस्वीरों की भी झलक एक छत के नीचे देखने को मिलेगी। सदियों पुरानी संस्कृति से अधिकतर लोग खासकर युवा पीढ़ी परिचित नहीं है। प्राचीन समय में लोग कैसे रहते थे, घरों की बनावट व शैली के साथ लोगों के रहन-सहन व खान-पान तथा पहनावे के बारे में अधिकतर जानकारी नहीं रखते हैं। लुप्त हो चुकी कई वस्तुओं को भी प्रदर्शनी में स्थान मिलेगा। इसके अलावा देवी-देवताओं व उनसे जुड़ी कथाओं की भी जानकारी पढ़ने को मिल सकेगी। देवी-देवताओं के पुराने वाद्य यंत्रों समेत अन्य दुर्लभ वस्तुएं, जिनको आज की युवा पीढ़ी नहीं जानती है, के भी दर्शन होंगे। देव समाज से जुड़े लोगों ने जिला प्रशासन व मेला आयोजन कमेटी को प्राचीन दुर्लभ वस्तुएं उपलब्ध करवाने के लिए आश्वस्त किया है। दूसरी ओर भाषा एवं संस्कृति विभाग व भारतीय पुरातत्व विभाग के अलावा कला व साहित्य से जुड़े लोगों के पास सुरक्षित पुराने दस्तावेजों व तस्वीरों को भी प्रदर्शनी में जगह मिलेगी।

-------------------

शिवरात्रि मेले के दौरान इंदिरा मार्केट की छत पर 400 फीट लंबी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें प्राचीन संस्कृति के संवाहक दुर्लभ वस्तुओं को शामिल किया जाएगा। मंडी नगर की पुरानी तस्वीरें व उस दौरान लोगों के रहन सहन, पहनावे व खान-पान संबंधित अन्य जानकारियां भरे दस्तावेज उपलब्ध रहेंगे।

-श्रवण मांटा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, मंडी

chat bot
आपका साथी