जयराम के नाम होगा कर्ज लेने का रिकार्ड : मुकेश

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर के नाम कर्ज लेने का रिकार्ड होगा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 11:30 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 11:30 PM (IST)
जयराम के नाम होगा कर्ज लेने का रिकार्ड : मुकेश
जयराम के नाम होगा कर्ज लेने का रिकार्ड : मुकेश

जागरण संवाददाता, मंडी : नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता पर 85,000 करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर जाएगी। सबसे अधिक कर्ज लेने का रिकार्ड मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम होगा। प्रदेश सरकार का चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है। जनता को बताने के लिए कोई चार ठोस उपलब्धियां भी नहीं हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी में पत्रकारों से कहा कि विकास की बात करने के बजाय मुख्यमंत्री अब क्षेत्रवाद की बात कर रहे हैं। आइआइटी मंडी व नेरचौक मेडिकल कालेज कांग्रेस की उपलब्धि है। हवाई अड्डे के नाम पर लोगों को सब्जबाग दिखाए गए लेकिन चार साल में ट्रिप्पल इंजन की सरकार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू नहीं कर पाई है। चहेतों को टेंडर देने के लिए नियम ताक पर रखे जा रहे हैं। जलशक्ति विभाग ने मंडी में करोड़ों रुपये के एक टेंडर की चार बार शर्ते बदली। सड़कों की हालत खस्ता है। मुख्यमंत्री हवा में उड़ रहे हैं। सड़कों की हालत को देख मुख्यमंत्री को मंडी की जनता से वोट मांगने का कोई हक नहीं है। चार साल में कोई चुनावी वादा पूरा नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर में जितना उड़ना चाहते हैं, उड़ लें क्योंकि अब चंद माह बाकी बचे हैं। नगर निगम के चुनाव में विकास के बजाय क्षेत्रवाद के आधार पर वोट मांगे।

बकौल मुकेश अग्निहोत्री भाजपा को देवी देवता भी क्षमा नहीं करेंगे। पहले मंदिरों के किवाड़ बंद कर दिए, हवन पर रोक लगा दी और अब नजराना बंद कर दिया। फोरलेन प्रभावितों को झूठे आश्वासन देकर ठगा और फैक्टर दो लागू नहीं किया। संसाधन विकसित करने पर ध्यान नहीं दिया। दिल्ली से प्रदेश को कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं मिला। मुख्यमंत्री बताएं कि अन्य राज्यों के लोगों को प्रदेश में रोजगार देने के पीछे किसका दबाव है। महंगाई व बेरोजगारी चरम पर है। मुख्यमंत्री कांग्रेस के समय का उदाहरण देकर क्या कांग्रेस से प्रतिस्पर्धा करना चाहते हैं। दम है तो भाजपा क्षेत्रवाद के बजाय विकास के नाम पर चुनाव लड़कर दिखाए। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं एआइसीसी के सचिव सुधीर शर्मा भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी