सड़कों की हालत न सुधारी तो पूछूंगा : महेंद्र

शिवरात्रि को 12 दिन शेष हैं। अगर सड़कों की हालत नहीं सुधरी तो

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 07:21 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 07:21 PM (IST)
सड़कों की हालत न सुधारी तो पूछूंगा : महेंद्र
सड़कों की हालत न सुधारी तो पूछूंगा : महेंद्र

जागरण संवाददाता, मंडी : शिवरात्रि को 12 दिन शेष हैं। अगर सड़कों की हालत नहीं सुधरी तो पूछूंगा। यह चेतावनी जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले की समीक्षा बैठक में दी।

बैठक में शिवरात्रि मेले से पहले सड़कों की मरम्मत को लेकर उठे सवाल पर अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही इसका कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इस पर मंत्री ने कहा कि शिवरात्रि का स्वरूप पिछले तीन साल में बदल गया है, क्योंकि अब मुख्यमंत्री यहां से हैं। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास को दिखाती हैं। ऐसे में कई बार विभाग मेला आरंभ होने पर काम आरंभ कर देता है, जिस कारण परेशानी होती है और सरकार पर सवाल उठते हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए।

उन्होंने साफ कहा कि अब भी मेला आरंभ होने में 10 से 12 दिन हैं तो विभाग इस कार्य को युद्धस्तर पर शुरू कर दे, बाद में किसी तरह का बहाना नहीं सुना जाएगा। पहले तो आपके पास मौसम खराब होने का बहाना होता था, लेकिन इस बार यह भी नहीं है। धूप खिली है और गर्मी भी है। ऐसे में कार्य करवाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। हालांकि अधिकारियों ने जल्द काम आरंभ करने की बात कही, लेकिन मंत्री ने दो टूक कहा कि मेले के आरंभ होने पर काम बचा नहीं रहना चाहिए, क्योंकि इस वजह से अगर सरकार या मुख्यमंत्री पर सवाल उठता है तो इससे सरकार की बदनामी होती है। ऐसे में समय रहते काम को पूरा किया जाएगा। वहीं नेशनल हाइवे और फोरलेन के कारण आने वाली दिक्कतों को भी संबंधित एजेंसियों के साथ मामला उठा जल्द सड़कें ठीक करने के आदेश भी मंत्री ने अधिकारियों को दिए।

chat bot
आपका साथी