महिला की मदद करने गई पुलिस टीम पर पथराव, एएसआइ घायल
सहयोगी धर्मपुर धर्मपुर हलके के भड़ीयार गांव में आधी रात को एक प्रताड़ित महिला की मदद
सहयोगी, धर्मपुर : धर्मपुर हलके के भड़ीयार गांव में आधी रात को एक प्रताड़ित महिला की मदद के लिए पहुंची पुलिस टीम पर महिला के पति, सास व देवर ने पथराव कर दिया। इससे धर्मपुर थाना के एएसआइ घायल हो गए। उनकी आंख में गंभीर चोट आई है। उन्हें नागरिक अस्पताल धर्मपुर में भर्ती करवाया गया है। पुलिस टीम के अन्य सदस्य बाल-बाल बचे। तीनों आरोपित अंधेरे का फायदा उठा घर से फरार हो गए। वीरवार को भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। आरोपितों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना, सरकारी कर्मी की ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है।
भड़ीधार गांव की रहने वाली तनुजा ने बुधवार रात पुलिस को सूचित किया कि उसका पति अशीफ खान, देवर अकरम खान व सास काकी बेगम उसे पीट रहे हैं। दहेज लाने के लिए कई दिनों से प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोपितों के चंगुल से किसी तरह छूटकर जान बचाने वह एक पशुशाला में छिपी हुई है। सूचना मिलने पर थाना धर्मपुर के एएसआइ रविद्र कुमार की अगुआई में पुलिस टीम तनुजा के ससुराल में रात करीब 12 बजे पहुंची। तनुजा के पति, सास व देवर को जब घर के बाहर पुलिस के पहुंचने की भनक लगी तो उन्होंने पथराव कर दिया।
वीरवार सुबह थाना प्रभारी कुलदीप पटियाल अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपितों की तलाश की पर उनका पता नहीं चल पाया। एसडीपीओ सरकाघाट तिलक राज ने बताया तीनों आरोपितों को ढूंढने के लिए टीम का गठन किया गया है।