अब खेल के दौरान चोटिल नहीं होंगे खिलाड़ी

फोरलेन का निर्माण करने वाली कंपनी की मशीनरी ऐतिहासिक पड्डल मैदान को समतल करेगी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 04:16 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 04:16 PM (IST)
अब खेल के दौरान चोटिल नहीं होंगे खिलाड़ी
अब खेल के दौरान चोटिल नहीं होंगे खिलाड़ी

संवाद सहयोगी, मंडी : फोरलेन का निर्माण करने वाली कंपनी की मशीनरी ऐतिहासिक पड्डल मैदान के जख्मों पर न केवल मरहम लगाएगी बल्कि मैदान को पूरी तरह समतल भी करेगी। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने पड्डल मैदान के गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी बिछा दी है। अब फोरलेन निर्माण करने वाली कंपनी का ग्रेडर मैदान को समतल करेगा। इससे खिलाड़ियों को खेलकूद प्रतियोगिता तथा अभ्यास के दौरान चोटिल होने का डर नहीं रहेगा।

पड्डल मैदान में हर साल अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में हाट बाट सजाने व मंच आदि का निर्माण करने के लिए मैदान में हजारों गड्ढे किए जाते है। इससे मैदान की हालत खराब हो जाती है। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को मैदान को समतल करने के लिए हर साल कार्य करना पड़ता है। इसके लिए 35 से 40 टिप्पर मिट्टी के हर साल मैदान की दशा सुधारने के लिए इस्तेमाल किए जाते है। इस साल भी मेले के आयोजन से पड्डल मैदान को काफी नुक्सान पहुंचा है। उपायुक्त के आदेशानुसार पड्डल मैदान की मरम्मत का कार्य खेल विभाग ने शुरू किया है। खिलाड़ियों के साथ लोगों की बार-बार शिकायत आ रही थी की मुख्य मैदान का बाहर वाला रास्ता बहुत खराब हो गया है। विभिन्न खेल संघों की सलाह के बाद युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से मैदान में मिट्टी डाल कर इसे समतल करने का कार्य शुरू किया गया है। मैगल क्षेत्र की महिलाओं के साथ जेसीबी की भी मैदान में मिट्टी बिछाने के लिए मदद ली जा रही है।

-------------- अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के बाद पड्डल मैदान की हालत खराब हो गई थी। उपायुक्त के आदेशानुसार मैदान में पड़े गड्ढों को मिट्टी से भरा जा रहा है। कालेज परिसर में निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार ने मिट्टी मुफ्त उपलब्ध करवाई है। मैदान को पूरी तरह समतल किया जा रहा है। संभवत: शनिवार को पड्डल मैदान में फोरलेन की मशीनरी मैदान को समतल करने का कार्य शुरू कर देगी।

नरेश कुमार, जिला खेल अधिकारी, मंडी

chat bot
आपका साथी