ठेकेदारों को एक सप्ताह में कार्य शुरू करने का अल्टीमेटम

नगर निगम में विकास कार्यों के टेंडर हासिल करने वाले ठेकेदारों को एक सप्ताह में कार्य शुरू करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 08:40 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 08:40 PM (IST)
ठेकेदारों को एक सप्ताह में कार्य शुरू करने का अल्टीमेटम
ठेकेदारों को एक सप्ताह में कार्य शुरू करने का अल्टीमेटम

संवाद सहयोगी, मंडी : नगर निगम में विकास कार्यों के टेंडर हासिल करने वाले ठेकेदारों को एक सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू करने का अल्टीमेटम दिया गया है अन्यथा उन्हें टेंडर से हाथ धोना पड़ेगा। वीरवार को नगर निगम की मेयर दीपाली जसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में ठेकेदारों को चेतावनी दी गई है। इस दौरान ठेकेदारों ने समय पर भुगतान न होने का दुखड़ा रोया और बिल भी समय पर तैयार न होने की बात कही।

नगर निगम को अस्तित्व में आए करीब एक साल हो गया है, लेकिन विकास कार्य रफ्तार नहीं पकड़ रहे हैं। नगर निगम के अलग-अलग वार्डों में पानी की निकासी, सड़कों की मरम्मत, डंगों, संपर्क मार्गो व रास्तों का निर्माण होगा। एक करोड़ रुपये से अधिक विकास कार्यों के टेंडर ठेकेदारों को अवार्ड तो कर दिए हैं, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। इस दौरान करीब 20 ठेकेदारों ने भी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। मेयर ने ठेकेदारों को भरोसा दिया है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इस मौके पर नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार व डिप्टी मेयर वीरेंद्र भट्ट भी मौजूद थे।

स्टाफ की कमी से टेंडर जारी करने व बिल तैयार करने में देरी

नगर निगम मंडी अभी भी नगर परिषद के पुराने ढर्रे पर चल रही है। नगर परिषद के समय के कर्मचारी ही नगर निगम में कार्यरत हैं। नगर निगम बनने के बाद इसमें ग्रामीण क्षेत्रों को भी जोड़ा गया है। नगर निगम के दौहंदी, नेला व बैहना नए वार्ड भी अस्तित्व में आए हैं। स्टाफ की कमी से कर्मचारियों पर कार्य का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। इस कारण टेंडर जारी करने व विकास कार्यों के बिल तैयार करने में विलंब हो रहा है। ठेकेदारों को विकास कार्य एक सप्ताह में शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम की बैठक में ठेकेदारों ने समस्याएं बताई हैं, जिनका जल्द समाधान किया जाएगा।

-दीपाली जसवाल, मेयर, नगर निगम मंडी

chat bot
आपका साथी