पंचायत घरों में भी खुलेंगे लोकमित्र केंद्र

सरकार अब पंचायत घरों में भी लोकमित्र केंद्र खोलेगी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 03:11 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 03:11 PM (IST)
पंचायत घरों में भी खुलेंगे लोकमित्र केंद्र
पंचायत घरों में भी खुलेंगे लोकमित्र केंद्र

मुकेश मेहरा, मंडी

सरकार अब पंचायत घरों में भी लोकमित्र केंद्र खोलेगी। पंचायत घर में ही लोगों को जरूरी दस्तावेज मिलेंगे तथा वे वहां अपने फार्म भी भर सकेंगे। इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत मंडी जिला में 66 पंचायतों को पांच-पांच लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इसका सबसे अधिक लाभ मनरेगा में काम करने वाले लोगों सहित अन्य मजदूरों को होगा। पंचायत सचिव इन केंद्रों का संचालन करेंगे।

लोकमित्र केंद्रों में अधिक शुल्क वसूलने की शिकायतें अधिकारियों के पास पहुंचती हैं। लोग राजस्व से संबंधित दस्तावेज या अन्य योजनाओं के दस्तावेज के लिए लोकमित्र केंद्रों में आते हैं। सरकार की ओर से इनकी फीस निर्धारित की गई है लेकिन लोगों को इसकी जानकारी न होने के कारण वे अधिक दाम देते हैं। इस समस्या के हल के लिए पंचायत घर के साथ एक कमरा तैयार कर वहां लोकमित्र केंद्र खोलने की योजना बनाई गई है। इसी के तहत पांच लाख का बजट जारी हुआ है। आरंभ में इन केंद्रों में मनरेगा मजदूरों से संबंधित रिकार्ड, कामगार बोर्ड से जुड़ी योजनाओं के लाभ के लिए भरे जाने वाले दस्तावेज सहित अन्य सरकारी योजनाओं के दस्तावेज भरने का कार्य किया जाएगा। यह कार्य सचिव करेंगे। यह भी प्रविधान है कि अगर पंचायत चाहे तो अपने इलाके में चल रहे लोकमित्र केंद्र संचालक की मदद ले सकती है ताकि सचिव की गैर मौजदूगी में लोगों के काम प्रभावित न हों। आरंभ में इन केंद्रों के सही रूप से संचालित होने के बाद इनमें राजस्व से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी। लोगों को पंचायत घर में मिलेगी सुविधा

मंडी जिला की 66 पंचायतों को पांच-पांच लाख का बजट लोकमित्र केंद्र के लिए अलग कमरा या व्यवस्था करने के लिए जारी किया गया है। लोगों को पंचायत घर में ही दस्तावेज सहित अन्य सुविधा मिल जाएगी।

हरी सिंह, जिला पंचायत अधिकारी, मंडी।

chat bot
आपका साथी