शिवरात्रि में आएंगे या नहीं, देवता लेंगे फैसला

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में आने या न आने का फैसला देवी-देवता लेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 03:23 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 03:23 PM (IST)
शिवरात्रि में आएंगे या नहीं, देवता लेंगे फैसला
शिवरात्रि में आएंगे या नहीं, देवता लेंगे फैसला

फरेंद्र ठाकुर, मंडी

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में आने या न आने का फैसला देवी-देवता स्वयं लेंगे। कोरोना के कारण सर्व देवता समिति ने देवी-देवताओं की राय मांगी की है। कारदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के देवी-देवताओं से बातचीत कर उनकी इच्छा जानें। इसके बाद समिति आगामी फैसला लेगी। समिति शिवरात्रि महोत्सव को लेकर प्रशासन के साथ भी जल्द बैठक करेगी ताकि अहम निर्णय लिए जा सकें।

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 11 मार्च से शुरू होगा, जो सात दिनों तक चलेगा। जिले में सर्व देवता समिति के पास 215 देवी-देवता पंजीकृत हैं। इनमें से 190-195 पंजीकृत देवता महोत्सव में आते हैं। कुछ देवी-देवता बिना निमंत्रण के आते हैं। इस बार कोरोना के कारण शिवरात्रि महोत्सव करवाना प्रशासन के लिए चुनौती से कम नहीं होगा।

कुल्लू दशहरा में ाने पर क्रोधित हुए थे देवता

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में न बुलाने पर देवता क्रोधित हो गए थे। प्रशासन को इसका खामियाजा भुगतने की चेतावनी भी दी थी। कुछ आराध्य देवताओं को ही बुलाया गया था। कुल्लू घाटी के आराध्य देव धूमल नाग बिना निमंत्रण के दशहरा में पहुंच गए थे और उपायुक्त कार्यालय के बाहर हारियानों के साथ खड़े हो गए थे। इसके बाद प्रशासन को देव आदेश पर जगती करवानी पड़ी थी। इसमें देवताओं के निशान बुलाए गए थे।

देव-मिलन का पर्व है शिवरात्रि

शिवरात्रि महोत्सव देव मिलन का पर्व है। इसमें देवी-देवता एक साल बाद मिलते हैं। कुछ देवता कई वर्षो बाद भी मिलते हैं। इस बार देवी-देवताओं के मिलन पर भी संशय है।

....

शिवरात्रि महोत्सव में आने या न आने को लेकर देवताओं से राय मांगी है। प्रशासन के साथ भी जल्द बैठक की जाएगी। इसमें देवताओं को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

-शिवपाल शर्मा, अध्यक्ष, सर्व देवता समिति मंडी

chat bot
आपका साथी