जलजीवन मिशन का लक्ष्य पूरा करने वाला हिमाचल पहला राज्य : जयराम

जागरण संवाददाता मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी व लॉकडाउन क

By JagranEdited By: Publish:Thu, 01 Apr 2021 08:03 PM (IST) Updated:Thu, 01 Apr 2021 08:03 PM (IST)
जलजीवन मिशन का लक्ष्य पूरा करने वाला हिमाचल पहला राज्य : जयराम
जलजीवन मिशन का लक्ष्य पूरा करने वाला हिमाचल पहला राज्य : जयराम

जागरण संवाददाता, मंडी : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी व लॉकडाउन की स्थिति के बावजूद नवंबर 2020 तक जलजीवन मिशन के अंतर्गत चार किस्तों में प्राप्त राशि के व्यय तथा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने में हिमाचल ने देश का पहला राज्य होने का गौरव हासिल किया है। जलजीवन मिशन के अंतर्गत भौतिक और वित्तीय प्रगति तथा निधि उपयोग की बेहतर क्षमता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हिमाचल को देश के सात राज्यों को आवंटित 464.28 करोड़ रुपये में से सर्वाधिक 221.28 करोड़ प्रोत्साहन निधि के रूप में प्राप्त हुए हैं। पंडोह स्थित बीबीएमबी विश्राम गृह में जलशक्ति और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी गांवों के घरों में पाइपों से शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया है। 13 लाख से अधिक घरों में पेयजल कनेक्शन प्रदान कर ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। तीन जिलों, 11 खंडों, 825 पंचायतों और आठ हजार 346 गांवों को हर घर जल के अंतर्गत लाया गया।

जयराम ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त की कि केंद्र सरकार द्वारा 2024 तक जलजीवन मिशन के अंतर्गत 100 प्रतिशत निर्धारित लक्ष्य को हिमाचल जुलाई 2022 तक पूरा कर लेगा। प्रदेश सरकार जलजीवन मिशन के अंतर्गत हर घर तक पानी पहुंचाने व जलसंरक्षण एवं संग्रहण जैसी योजनाओं पर भी कार्य कर रही है, भू-जलस्तर की स्थिति बेहतर हो सके। उन्होंने प्रदेश में जलजीवन मिशन के सफल कार्यान्वयन के लिए जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के प्रयासों की भी सराहना की। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों को पक्का करने के कार्य को गति प्रदान करने को कहा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनी और सूखे जैसी स्थिति से निपटने को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी और जिला के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी