संसदीय क्षेत्र में पांच लाख 44 हजार ने नहीं डाला वोट

संसदीय उपचुनाव में 17 हलकों के पांच लाख 44 हजार लोग पोलिग बूथ तक

By JagranEdited By: Publish:Sun, 31 Oct 2021 06:13 PM (IST) Updated:Sun, 31 Oct 2021 06:13 PM (IST)
संसदीय क्षेत्र में पांच लाख 44 हजार ने नहीं डाला वोट
संसदीय क्षेत्र में पांच लाख 44 हजार ने नहीं डाला वोट

जागरण संवाददाता, मंडी : संसदीय उपचुनाव में 17 हलकों के पांच लाख 44 हजार लोग पोलिग बूथ तक नहीं पहुंचे। शनिवार को हुए मतदान में 12 लाख 86 हजार 382 मतदाताओं में से केवल सात लाख 42 हजार 360 लोगों ने ही मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह संसदीय क्षेत्र में 57.71 फीसद वोटिंग हुई।

मंडी संसदीय क्षेत्र में नौ हलके मंडी जिला, कुल्लू के चार और लाहुल स्पीति, रामपुर, किन्नौर और जिला चंबा के भरमौर शामिल हैं। सबसे अधिक मतदाता मंडी के जोगेंद्रनगर में 94972 मतदाता हैं, जिसमें से 50330 ने मतदान किया। यहां पर 44642 मतदाता अपने बूथों तक नहीं पहुंचे। जोगेंद्रनगर में 152 बूथ बनाए गए थे। सबसे कम मतदाता लाहुल स्पीति में 23970 हैं, जिसमें केवल 13422 ने ही मतदान किया। इसके अलावा कुल्लू में 88312 में से 48868 ही मतदान के लिए आगे आए। अधिकतर मतदान केंद्रों पर भीड़ नदारद रही।

आंकड़ों पर गौर किया जाए तो सराज, नाचन व मनाली विधानसभा को छोड़कर कोई भी हलका 60 फीसद मतदान प्रतिशतता को नहीं छू पाया है। अकेले मंडी जिला के ही दो लाख 45 हजार मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग करना जरूरी नहीं समझा। मंडी के नौ हलकों में केवल चार लाख 92 हजार 678 लोगों ने वोट डाला। कुल्लू के मनाली हलके में सबसे अधिक 62 फीसद मतदान हुआ। यहां 72516 मतदाताओं में से 45192 ने ही मताधिकार का प्रयोग किया। भरमौर में भी 75077 में से 37987 लोग वोट डालने बूथों पर पहुंचे। यहां मतदान 50.6 फीसद रहा। रामपुर में 74117 में से 44166 और किन्नौर में 57728 मतदाताओं में से 31257 ने वोट डाला। संसदीय क्षेत्र में सबसे कम मतदान सरकाघाट हलके में हुआ। यहां 88265 मतदाताओं में 41238 लोग ही घर से निकले। पूरे संसदीय क्षेत्र में केवल 57.71 फीसद हुए मतदान ने चुनाव आयोग के जागरूकता अभियान की मेहनत पर पानी फेर दिया।

मंडी में पुरुष मतदाता रहे अधिक

इस बार उपचुनाव में मंडी जिला के नौ हलकों में पुरुषों ने वोट डालने में बाजी मारी। जिले में कुल 219310 पुरुष मतदाता ने वोट किया, जबकि महिलाओं की संख्या 209423 रही। सबसे अधिक मतदान पुरुषों ने सराज हलके में किया है। यहां पर 30150 पुरुष मतदाता ने अपने अधिकार का प्रयोग किया, जबकि महिलाओं में नाचन हलके में 26874 महिलाओं ने मतदान किया।

chat bot
आपका साथी