और निखरेगी छोटी काशी, धरातल पर उतरेगा मास्टर प्लान

जागरण संवाददाता मंडी प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी छोटी काशी यानी मंडी जल्द निखरेगी। मास्

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 11:12 PM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 11:12 PM (IST)
और निखरेगी छोटी काशी, धरातल पर उतरेगा मास्टर प्लान
और निखरेगी छोटी काशी, धरातल पर उतरेगा मास्टर प्लान

जागरण संवाददाता, मंडी : प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी छोटी काशी यानी मंडी जल्द निखरेगी। मास्टर प्लान को धरातल पर उतारने के कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने छोटी काशी को मास्टर प्लान के तहत विकसित करने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में शुक्रवार को उपायुक्त अरिदम चौधरी ने नगर निगम मंडी की महापौर, उपमहापौर और पार्षदों के साथ बैठक की। उन्होंने निगम के सभी जनप्रतिनिधयों से मंडी शहर में वर्तमान की आवश्यकताओं के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने का आग्रह किया। शहरी सड़क अधोसंरचना सुधार के कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान धरातल पर उतरने से मंडी शहर विकास के नजरिए से एक आदर्श शहर के रूप में विकसित होगा। मास्टर प्लान का प्राथमिक ड्राफ्ट बना लिया गया है। सभी के सुझावों को शामिल करके इसे और परिष्कृत किया जाएगा। जल्द ही परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना बना कर सरकार को सौंपी जाएगी। और मनभावन बनेगा मंडी शहर

मास्टर प्लान में मंडी शहर को विकास की दृष्टि से और मनभावन बनाने का खाका तैयार किया गया है। नदी तट विकास योजना के तहत मंडी में ब्यास नदी और सुकेती खड्ड के किनारों के सुंदरीकरण और घाटों के निर्माण के कार्य किया जाएंगे। इसके अलावा नदी के किनारों पर टहलने के लिए पथ, सैरगाह बनाने की दिशा में काम होगा। तारों के जाल से मिलेगी निजात

शहर को बिजली के खंभों व बेतरतीब फैली तारों से निजात मिलेगी। बिजली की तारों को भूमिगत किया जाएगा। स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा शहर के सभी चौक सुंदर बनाने और सड़कों के सुधार और विस्तार, पैदल पथ और ओवरहेड ब्रिज बनाने का काम होगा। शहर को स्वच्छ रखने के लिए सीवरेज ड्रेनेज नेटवर्क को और सुदृढ़ किया जाएगा। शहर में पार्क और पार्किंग स्थल विकसित किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने दिए थे 15 करोड़

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नगर निगम को 15 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। प्राथमिकता के आधार पर कार्य योजना बना कर आगे बढ़ने को कहा था। यह धनराशि शहर के नियोजित विकास पर खर्च होगी। उन्होंने निगम में जुड़े नए क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष योजना बनाने पर जोर दिया था। उपायुक्त ने शहर में गलियों व नालियों की साफ सफाई और घरों से कूड़ा एकत्रण और निस्तारण की व्यवस्था को चाकचौबंद करने को कहा। ये रहे उपस्थित

बैठक में नगर निगम महापौर दीपाली जसवाल, उपमहापौर वीरेंद्र शर्मा, पार्षद सुमन ठाकुर, रणवीर सिंह, पंकज कपूर, अलकानंदा हांडा, माधुरी कपूर, वीरेंद्र सिंह आर्य, हरदीप सिंह,पुष्पराज कात्यायन, राजेंद्र मोहन, सुदेश कुमारी, अंजय कुमारी, सोमेश उपाध्याय, निर्मल वर्मा और योगराज ने विकास कार्यों को लेकर सुझाव दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं नगर निगम के आयुक्त राजीव कुमार, एसडीएम सदर रीतिका जिदल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी