मूक बधिर छात्रा चार माह की गर्भवती

जागरण संवाददाता मंडी मंडी जिले के एक स्कूल की मूक बधिर छात्रा चार माह की गर्भवती पाई

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 11:55 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 11:55 PM (IST)
मूक बधिर छात्रा चार माह की गर्भवती
मूक बधिर छात्रा चार माह की गर्भवती

जागरण संवाददाता, मंडी : मंडी जिले के एक स्कूल की मूक बधिर छात्रा चार माह की गर्भवती पाई गई है। उसके साथ किसी ने दुष्कर्म किया है। छात्रा को जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है। सदमे में होने की वजह से वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। स्कूल प्रबंधन व मनोरोग विशेषज्ञ उसकी काउंसिलिग कर रहे हैं। स्त्री व बाल रोग विशेषज्ञों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। महिला थाना मंडी में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

कोविड की वजह से छात्रा का स्कूल भी बंद था। वह मार्च से घर में थी। सात अगस्त को दोबारा स्कूल खुलने पर घर से गई थी। इसी दौरान स्कूल में एक सरकारी संस्थान की महिला चिकित्सक बच्चों की नियमित जांच के लिए स्कूल में गई थी। स्कूल की स्वास्थ्य कमेटी ने महिला चिकित्सक से उसका चेकअप करवाया था। छात्रा ने चिकित्सक को पेट दर्द की समस्या बताई थी। स्कूल कमेटी ने इस संबंध में छात्रा के स्वजन से बात की थी। स्वजन ने उसका इलाज चले होने की बात कही थी। किसी समारोह व इलाज के बहाने वह छात्रा को स्कूल से छुट्टी लेकर घर ले आए थे। तीन दिन पहले मां ने बेटी के साथ दुष्कर्म होने की शिकायत महिला थाना मंडी में दर्ज करवाई थी। इसके बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात पता चली है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म उसके गांव में ही हुआ है। पुलिस आरोपित का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। मेडिकल जांच में एक मूक बधिर छात्रा चार माह की गर्भवती पाई गई है। आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। जांच जारी है।

-आशीष शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी। 15 साल की लड़की गर्भवती, आरोपित भी नाबालिग

मंडी जिले की 15 साल की लड़की चार माह की गर्भवती पाई गई है। स्वजन की शिकायत पर महिला थाना ने दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। आरोपित भी नाबालिग है। स्वजन के सामने पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया। पीड़िता को वन स्टाप सेंटर भेजा गया है। उल्टी व पेट दर्द की शिकायत पर स्वजन लड़की को अस्पताल ले गए वहां उसके गर्भवती होने की बात सामने आई। स्वजन ने लड़की से पूछताछ की तो उसने आरोपित का नाम बताया।

पुलिस की तरफ से सूचना मिलने के बाद जिला बाल कल्याण समिति ने पीड़िता को वन स्टाप सेंटर भेज दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी आशीष शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।

chat bot
आपका साथी