कांग्रेस ने बनाया होता नगर निगम तो आज स्मार्ट सिटी होता मंडी : जयराम

जागरण संवाददाता मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अगर अपने शासनकाल मे

By JagranEdited By: Publish:Sun, 04 Apr 2021 07:36 PM (IST) Updated:Sun, 04 Apr 2021 07:36 PM (IST)
कांग्रेस ने बनाया होता नगर निगम तो 
आज स्मार्ट सिटी होता मंडी : जयराम
कांग्रेस ने बनाया होता नगर निगम तो आज स्मार्ट सिटी होता मंडी : जयराम

जागरण संवाददाता, मंडी : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अगर अपने शासनकाल में धर्मशाला के साथ मंडी को नगर निगम बनाया होता तो आज यहां स्मार्ट सिटी होती। कांग्रेस के शासनकाल में जिले से तीन-तीन मंत्री थे। आज विजन को लेकर बड़ी-बड़ी डींगे हांकने वाले अनिल शर्मा भी तीन मंत्रियों में शामिल थे। उस समय न उनका विजन दिखा न ही सरकार से मंडी को निगम का दर्जा दिए जाने की वकालत की थी। शिमला व धर्मशाला की तर्ज पर केंद्र सरकार से मंडी को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिल सकता था और यहां विकास की नई इबारत लिखी जाती।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को नगर निगम मंडी की खलियार वार्ड में भाजपा प्रत्याशी वंदना ठाकुर के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में कहा कांग्रेस ने विकास के नाम पर लोगों से छल किया है। लोग 15 साल से मंडी को नगर निगम के रूप में देखना चाहते थे। खुद कांग्रेस निगम नहीं बना पाई, अब निगम बनने पर खामियां जरूर गिनाई जा रही हैं। कांग्रेसी खुद को अनुभवी बता रहे हैं। बेहतर होगा अनुभव की बात न करें।

गरीबी हटाओ का नारा देकर सत्ता पर काबिज होने वाली कांग्रेस देश से आज तक गरीबी खत्म नहीं कर पाई। गरीब तबके के लोगों के स्वास्थ्य की परवाह नहीं की। महिलाओं को धुंए से निजात दिलाने के लिए कोई कदम नहीं उठा। भाजपा ने उज्ज्वला व आयुष्मान योजना से महिलाओं व गरीब तबके के लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दौहंधी वार्ड से भाजपा प्रत्याशी पूजा, मंगवाई से विशाल ठाकुर, थनेहड़ा से दीपाली जसवाल, पड्डल में सोमेश उपाध्याय व पुरानी मंडी में वीरेंद्र भट्ट के लिए चुनावी सभा कर लोगों से समर्थन मांगा। इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक राकेश जम्वाल भी उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी