भांग उखाड़ो अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों की होगी जवाबदेही

मृगेंद्र पाल गोहर 20 से 30 जून तक चलने वाले भांग उखाड़ो अभियान में अब पंचायतों की जवाबदेही

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 04:16 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 04:16 PM (IST)
भांग उखाड़ो अभियान में पंचायत 
प्रतिनिधियों की होगी जवाबदेही
भांग उखाड़ो अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों की होगी जवाबदेही

मृगेंद्र पाल, गोहर

20 से 30 जून तक चलने वाले भांग उखाड़ो अभियान में अब पंचायतों की जवाबदेही भी निर्धारित की गई है। इतना ही नहीं, पंचायतों में 10 दिन तक चलने वाले इस अभियान के तहत भांग के पौधों को उखाड़ कर पूरी तरह से नष्ट करना होगा। साथ ही अभियान के दौरान की जाने वाली कार्यवाही की दैनिक रिपोर्ट व फोटो पटवारियों व पंचायत प्रतिनिधियों को अपने आलाधिकारियों को भेजने होंगे। प्रशासन की ओर से चलाए गए इस अभियान का मुख्य मकसद उपमंडल से भांग का पूरी तरह से सफाया करना है।

विकास खंड गोहर की 45 पंचायतों के दायरे में आने वाले परिक्षेत्र में भांग के पौधों का इस्तेमाल लोग नशे के रूप में करते हैं, जिससे घरेलू हिंसा सहित अन्य प्रकार की वारदातों को भी बढ़ावा मिलता है। ऐसे में जिला प्रशासन ने भांग के पौधों को ही नष्ट करने का निर्देश स्थानीय प्रशासन व पुलिस को दी है। पंचायत प्रतिनिधि, युवक, महिला मंडलों के सहयोग से भांग उखाड़ो अभियान शुरू करेंगे। विशेषकर इस अभियान में कोविड प्रोटोकाल जैसे शारीरिक दूरी, मास्क व सैनिटाइजर इत्यादि का पालन करना जरूरी होगा। अभियान की समाप्ति पर हलका पटवारी की ओर से प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा। पंचायत परिक्षेत्र में पंचायत प्रतिनिधि, युवक-महिला मंडलों के पदाधिकारी, सदस्य भांग उखाड़ेंगे तो वहीं वन विभाग के परिक्षेत्र में ये कार्य वन विभाग की ओर से निर्धारित किया जाएगा, जिसमें पंचायतों की जिम्मेवारी निर्धारित नहीं होगी। प्रशासनिक आदेश मिलने के साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों ने अभियान को तेज कर दिया है। एडीएम गोहर अनिल भारद्वाज ने कहा कि 20 से 30 जून तक पंचायत स्तर पर भांग उखाड़ो अभियान चलाया जाएगा, जिसमें पंचायतों की जिम्मेवारी निर्धारित की गई है। कोविड नियमों का पालन करते हुए इस कार्य को अंजाम दिया जाएगा। प्रतिदिन की रिपोर्ट और फोटो उच्च अधिकारियों को भेजना सुनिश्चित करना होगा। ग्रामीण क्षेत्र से भांग को जड़ से खत्म करवाना ही प्रशासन का लक्ष्य है।

chat bot
आपका साथी