बस की ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची 13 यात्रियों की जान

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक की सूझबूझ से 13 यात्रियों की जान बच गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 08:48 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 08:48 PM (IST)
बस की ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची 13 यात्रियों की जान
बस की ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची 13 यात्रियों की जान

संवाद सहयोगी, करसोग : हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक की सूझबूझ से 13 यात्रियों की जान बच गई। सालाणा से करसोग रूट पर जा रही निगम की बस की ब्रेक शोरशन के पास फेल हो गई। चालक मुरारी लाल ने तुरंत बस को संपर्क मार्ग की चढ़ाई की ओर मोड़ दिया। इससे बस पीछे की ओर आकर पलट गई। हादसे में पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं। अगर चालक तुरंत बस न मोड़ता तो यह 200 फीट खाई में गिर जाती।

बुधवार को दिन में करीब 11.30 बजे निगम की बस शोरशन के पास पहुंची। चालक मुरारी लाल ने स्पीड ब्रेकर के पास बस को धीरे करने के लिए ब्रेक लगाई। ब्रेक नहीं लगी। उसने सीट पर ही खड़े होकर ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन बस नहीं रुकी। उसे आभास हो गया कि बस की ब्रेक फेल हो गई है। उसने यात्रियों को कस कर अपनी-अपनी सीट को पकड़ने के लिए कहा लेकिन ब्रेक फेल होने की सूचना नहीं दी। मुरारी लाल ने तुरंत बस को मुख्य सड़क से साथ लगते शोरशन से सलाणा संपर्क मार्ग की ओर मोड़ दिया। चढ़ाई होने के कारण बस की रफ्तार धीमी हो गई। बस पीछे की ओर आने लगी और फिर पलट गई। बस के पलटने से यात्री बोधराज, केशव, लीलाधर, केवल व सीमा को हल्की चोटें आई जिन्हें सुन्नी करसोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यात्रियों ने सरकार से चालक को पुरस्कृत किए जाने की भी मांग की है। हादसे की सूचना एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित थाना करसोग को दी गई। पुलिस ने लोगों के बयान दर्ज किए। डीएसपी गीतांजलि ठाकुर ने कहा कि हादसे में मानवीय चूक नहीं पाई गई है। सीट पर खड़े होकर किया ब्रेक लगाने का प्रयास

चालक मुरारी लाल ने बताया कि उसने सीट पर खड़े होकर ब्रेक लगाने का प्रयास किया। इसके बावजूद ब्रेक नहीं लगी। यात्रियों की जान बचाने के लिए उसने बस को संपर्क मार्ग पर चढ़ा दिया था। बस को जांच के बाद भेजा था रूट पर

हिमाचल पथ परिवहन निगम के करसोग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष ने बताया कि सभी बसें जांच के बाद ही रूट पर भेजी जाती हैं। जिस बस की ब्रेक फेल हुई, उसे भी जांच के बाद ही रूट पर भेजा गया था। यह बस मंगलवार शाम को करसोग शलाणा रूट पर गई थी। वापसी पर हादसा हुआ। जांच के बाद ही पता चलेगा कि किस वजह से बस की ब्रेक फेल हुई।

chat bot
आपका साथी