गोहर के बखड़ोग गांव में थ्रेशर की चपेट में आई महिला, गंभीर हालत में नेरचौक से पीजीआइ रेफर
उपमंडल की पंचायत शाला के बखड़ोग गांव में थ्रेशर की चपेट में आने से एक महिला बुरी तरह से घायल हो गई।
गोहर, जेएनएन। उपमंडल की पंचायत शाला के बखड़ोग गांव में थ्रेशर की चपेट में आने से एक महिला बुरी तरह से घायल हो गई। महिला को गंभीर हालत में पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया है। शुक्रवार देर शाम को रेखा देवी पत्नी खूबराम गांव में लगे इंजन वाले थ्रेशर पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गेहूं की फसल की थ्रैसिंग कर रही थी कि अचानक महिला का दुपट्टा इंजन आैर थ्रेशर के बीच पट्टे से उलझ गया आैर महिला का सिर बुरी तरह से जख्मी हो गया।
महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। परिवार के सदस्यों ने महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल गोहर पहुंचाया, जहां से उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां प्रारंभिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। महिला गरीब परिवार से संबंध रखती है। शाला पंचायत प्रधान राज कुमार ने प्रशासन से महिला की हर संभव सहायता करने की मांग की हैं। वहीं पटवारी फिरोज खान ने महिला के परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत दी है।
तहसीलदार जयगोपाल का कहना है बखड़ोग गांव में थ्रेशर की चपेट में आने से घायल महिला को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। जिला प्रशासन से फौरी राहत के लिए आैर राशि की मांग की गई है।