कांगड़ा बाजार में महिलाओं ने वृद्ध को लगाया 25 हजार का चूना

संवाद सहयोगी कांगड़ा मुख्य बाजार कांगड़ा में वीरवार को दूसरे राज्य की तीन महिलाओं ने वृद्ध को 25 हजार रुपये का चूना लगा दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Aug 2021 05:04 AM (IST) Updated:Fri, 06 Aug 2021 05:04 AM (IST)
कांगड़ा बाजार में महिलाओं ने वृद्ध को लगाया 25 हजार का चूना
कांगड़ा बाजार में महिलाओं ने वृद्ध को लगाया 25 हजार का चूना

संवाद सहयोगी, कांगड़ा : मुख्य बाजार कांगड़ा में वीरवार को दूसरे राज्य की तीन महिलाओं ने वृद्ध को 25 हजार रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस ने इस बाबत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

वीरवार सुबह अमराड़ निवासी 83 वर्षीय ज्ञान चंद भाटिया ने पंजाब नेशनल बैंक की कांगड़ा शाखा से 25 हजार रुपये की पेंशन निकाली और मुख्य बाजार कांगड़ा में खरीदारी के लिए चले गए। कालेज रोड पर स्थित एकदुकान पर खरीदारी के बाद वे घर की ओर चले तो हाथ में लिए बैग को खुला पाया और भीतर रखे 25 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद ज्ञान चंद तुरंत उसी दुकान पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके साथ तीन महिलाएं भी खरीदारी के लिए आई थीं। दुकानदार के अनुसार, एक महिला दुकान के बाहर खड़ी रही जबकि दो वृद्ध के साथ ही रहीं। दुकानदार ने बताया कि महिलाएं दूसरे राज्य की थीं। साथ लगती दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला है कि महिलाएं बैंक से ही ज्ञान चंद का पीछा कर रही थीं। ज्ञान चंद को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस थाना कांगड़ा में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस टीम ने शहर में दबिश दी लेकिन आरोपित महिलाओं का कोई सुराग नहीं लगा। थाना प्रभारी कांगड़ा शशि भूषण ने बताया कि आरोपित जल्द गिरफ्तार कर ली जाएंगी। उल्लेखनीय है कि कोरोना क‌र्फ्यू हटने के बाद कांगड़ा शहर व आसपास के क्षेत्रों में दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की संख्या एकाएक बढ़ गई है। कांगड़ा पुलिस स्टेशन के सामने, कालेज रोड, तहसील चौक, कांगड़ा बस अड्डा क्षेत्र व जमानाबाद रोड में दूसरे राज्यों के लोग डेरा जमाए हुए हैं।

......................

मिलवां शराब ठेके में चोरी के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

-आरोपितों से बरामद किए तीन लाख 45 हजार रुपये

-एक आरोपित अरविद के खिलाफ चारों राज्यों में दर्ज हैं चोरी के सात केस

संवाद सूत्र, भदरोआ : पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के तहत मिलवां में चार जुलाई को शराब ठेके के गोदाम से चार लाख 75 हजार रुपये से भरे बैग को चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों से तीन लाख 45 हजार रुपये की रिकवरी भी की गई है। तीसरा आरोपित फरार है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान अरविद कुमार और मोहित कुमार निवासी फतेहगढ़ जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

जतिद्र कुमार पुत्र प्रेम लाल निवासी बटाला ने चार जुलाई को ठाकुरद्वारा चौकी में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, मिलवां राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनका शराब का ठेका है। शिकायतकर्ता के अनुसार चार जुलाई को गोदाम में चार लाख 75 हजार रुपये से भरा बैग रखा था। पांच जुलाई की सुबह बैग गोदाम में न मिलने पर ठेके के मालिक ने ठाकुरद्वारा पुलिस को सूचित किया। जांच के दौरान पाया गया कि गोदाम की दीवार के ऊपर एक रोशनदान खुला था। मौके पर एक बिना सिमकार्ड का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था। पुलिस ने मोबाइल फोन के आइईएमआइ नंबरों के आधार पर आरोपितों की पहचान की। जब आरोपितों के घरों में दबिश दी तो फरार हो गए थे। ठाकुरद्वारा पुलिस ने आरोपित अरविद को कांगड़ा व मोहित को मिलवां से गिरफ्तार किया है। आरोपित मोहित कुमार मिलवां ठेके पर कुछ समय पहले सेल्जमैन था और दूसरा आरोपित अरविद कुमार तिजोवाल पंजाब में वेब डिजाइनिग का काम करता है। अरविद पर दिल्ली, गुड़गांव व उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। डीएसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है।

......................

काली माता मंदिर आलमपुर में चोरी करते पकड़े दो युवक

संवाद सहयोगी, जयसिंहपुर : पुलिस थाना लंबागांव के तहत काली माता मंदिर आलमपुर में चोरी का प्रयास कर रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान रामपाल व संजय कुमार निवासी तेलग जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बुधवार देर रात दोनों युवकों ने मंदिर के दरवाजे का ताला तोड़ा व एक अंदर घुस गया व दूसरा रेकी करने लग पड़ा। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक स्थानीय व्यक्ति की नजर मंदिर के दरवाजे पर पड़ी और उसने भीतर एक युवक देखा। स्थानीय व्यक्ति ने इस बाबत सूचना पंचायत प्रधान, उपप्रधान व स्थानीय लोगों को दी। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान शकुंतला देवी, उपप्रधान संतोष सिंह व स्थानीय बाशिंदे मौके पर पहुच गए। उन्होंने दोनों युवकों को दबोच लिया व पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपितों से एक जमूरा व पेचकश भी बरामद किया गया है। मामले की पुष्टि लंबागांव थाना प्रभारी केसर सिंह ने की है।

chat bot
आपका साथी