फीडबैक के बाद लूंगी उपचुनाव लड़ने पर अंतिम फैसला : प्रतिभा

प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मंडी संसदीय सीट रहेगी लेकिन चुनाव लडऩे का अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। अभी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है। उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 09:19 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 09:19 PM (IST)
फीडबैक के बाद लूंगी उपचुनाव लड़ने पर अंतिम फैसला : प्रतिभा
पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह का फाइल फोटो। जागरण आर्काइव

शिमला, जागरण संवाददाता। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की प्रतिभा सिंह के साथ हुई मुलाकात के बाद टिकट को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजीव शुक्ला ने रविवार देर शाम उनके आवास होलीलाज जाकर मुलाकात की थी। चुनाव को लेकर पार्टी की तरफ से आए फीडबैक के बाद वह खुद होलीलाज गए थे। बैठक में विधायक विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद थे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मंडी संसदीय सीट रहेगी, लेकिन चुनाव लडऩे का अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। अभी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है। उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।

प्रदेश प्रभारी ने उनसे मंडी संसदीय सीट और अर्की विधानसभा सीट दोनों पर चुनाव लडऩे को लेकर राय जानी है। राजीव शुक्ला फीडबैक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंपेंगे। टिकट पर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा। मंडी संसदीय सीट से प्रतिभा सिंह पहले भी दो बार चुनाव जीत चुकी हैं। प्रत्याशी के तौर पर उनके नाम की चर्चा काफी दिनों से थी। इस मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के धड़े के लोग मंडी संसदीय क्षेत्र में सक्रिय भी हो गए हैं। हालांकि पार्टी मंडी में कई वरिष्ठ नेताओं के नाम पर मंथन कर रही थी। इसमें पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर सहित कुछ अन्य नेताओं का नाम टिकट के लिए चर्चा में था। प्रतिभा सिंह को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद अर्की विधानसभा सीट भी खाली हुई है।

------

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला होलीलाज आए थे। उनके साथ विस्तृत चर्चा हुई है। चुनाव लडऩे का अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। फीडबैक के बाद ही फैसला लिया जाएगा। चुनाव लडऩे के लिए मेरी प्राथमिकता मंडी संसदीय क्षेत्र रहेगा। टिकट किसे दिया जाता है यह पार्टी हाईकमान तय करता है।

-प्रतिभा सिंह, पूर्व लोकसभा सदस्य।

chat bot
आपका साथी