रामपुर पहुंची वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह, दर्शन के लिए उमड़ा सैलाब, 4000 लोग पहुंचे, आज होगी अंत्येष्टि
शुक्रवार सायं करीब साढ़े सात बजे जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह रामपुर पहुंची तो उनके दर्शन के लिए सैलाब उमड़ गया। वीरभद्र सिंह अमर रहे नारों से आकाश भी गूंज गया। करीब 1000 वाहनों में लगभग 4000 लोग भी वहां पहुंचे।
शिमला, जागरण संवाददाता। शुक्रवार सायं करीब साढ़े सात बजे जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह रामपुर पहुंची तो उनके दर्शन के लिए सैलाब उमड़ गया। वीरभद्र सिंह अमर रहे नारों से आकाश भी गूंज गया। करीब 1000 वाहनों में लगभग 4000 लोग भी वहां पहुंचे।
हिमाचल प्रदेश शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को अंतिम विदाई देगा। लोगों के दिलों पर राज करने वाले वीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार को शिमला में लोग उमड़ पड़े। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शिमला पहुंचे।
शनिवार को तीन बजे रामपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। इसके लिए रामपुर नगर परिषद ने राजघराने के अंतिम धाम स्थल को तैयार कर दिया है। शुक्रवार को वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह को शिमला स्थित आवास से रिज मैदान और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। रिज मैदान पर साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। इसके बाद कांग्र्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्थिव देह को लाया गया। लोगों की भीड़ के कारण यहां पहुंचने में एक घंटे का समय लग गया। यहां पर करीब एक घंटे तक राहुल गांधी समेत कई कांग्र्रेस नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद रामपुर रवाना हो गए। वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह को रामपुर ले जाते समय सड़क किनारे खड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। बारिश के बावजूद प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए लोग डटे रहे। सायं करीब साढ़े सात बजे जब पार्थिव देह रामपुर पहुंची तो राजा के दर्शन के लिए सैलाब उमड़ गया। वीरभद्र सिंह अमर रहे नारों से आकाश भी गूंज गया।
विक्रमादित्य का आज होगा राजतिलक
अंतिम संस्कार से पहले वीरभद्र के बेटे विक्रमादित्य सिंह का रामपुर के राजमहल में राजतिलक होगा। दिन में 11 बजे होने वाले कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है।