कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में करवाया जाए सीयू का निर्माण

धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के लिए जमीन नहीं मिलने पर कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने कांगड़ा हलके में इसे बनाने की मांग उठाई है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Sep 2021 09:13 PM (IST) Updated:Sat, 04 Sep 2021 09:13 PM (IST)
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में करवाया जाए सीयू का निर्माण
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में करवाया जाए सीयू का निर्माण

संवाद सहयोगी, कांगड़ा : धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के लिए जमीन नहीं मिलने पर कांगड़ा हलके के विधायक पवन काजल ने केंद्र व प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि सीयू का निर्माण अब कांगड़ा हलके में किया जाए। पवन काजल ने कहा कि अगर धर्मशाला में जगह उपलब्ध नहीं है तो प्रदेश सरकार कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में इस विश्वविद्यालय का निर्माण करवाए।

उन्होंने कहा कि केंद्र की पूर्व यूपीए सरकार ने कांगड़ा के नाम पर केंद्रीय विश्वविद्यालय को स्वीकृति प्रदान की है। बेहतर होगा धर्मशाला के बजाय कांगड़ा में इस विश्वविद्यालय के प्रशासनिक व अन्य शैक्षणिक भवनों का निर्माण करवाया जाए। काजल ने कहा कि कांगड़ा नगर के साथ लगती जमानाबाद पंचायत और कई क्षेत्रों में 200 कनाल से अधिक सरकारी भूमि खाली पड़ी है। एयरपोर्ट बिल्कुल नजदीक है, रेललाइन भी साथ है और अंतरराज्यीय बस अड्डे के साथ लगती इस भूमि पर केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण होने से कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी विकास को पंख लगेंगे। कांगड़ा में सेंट्रल यूनिवर्सिटी का निर्माण होने से शाहपुर व साथ लगते क्षेत्रों को राहत मिलेगी।

काजल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के रानीताल में जल शक्ति विभाग का उपमंडल कार्यालय और ठाकुरद्वारा में कनिष्ठ अभियंता कार्यालय व राजकीय डिग्री कालेज तकीपुर में साइंस विषय की कक्षाएं शुरू करवाने पर भी आभार जताया। उन्होंने सीएम से जनहित में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय भी शीघ्र शुरू करने की मांग की।

chat bot
आपका साथी