उपचुनाव में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ अपना जनमत देगी जनता : प्रतिभा सिंह

मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि यह उपचुनाव बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ एक जनमत होगा। भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई व बेरोजगारी बढ़ी है। महंगाई से आम आदमी परेशान है।

By Richa RanaEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 06:02 PM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 06:02 PM (IST)
उपचुनाव में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ अपना जनमत देगी जनता : प्रतिभा सिंह
उपचुनाव बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ एक जनमत होगा।

थुनाग, जागरण संवाददाता। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि यह उपचुनाव बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ एक जनमत होगा। भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई व बेरोजगारी बढ़ी है। महंगाई से आम आदमी परेशान है। भाजपा सरकार महंगाई व बेरोजगारी जैसे मुद्दे पर बहस करने के बजाय सेना को अपना मोहरा बना रही है।

प्रतिभा सिंह वीरवार को सराज हलके के केलोधार, थुनाग व जंजैहली में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा सराज हलके में जो विकास हुआ है। वह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है। खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस बात को मानते हैं। चार साल में सराज हलके में कोई नया विकास कार्य नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री बनने के बाद जयराम ठाकुर ने अपनी सुविधा के लिए जरूर यहां हेलीपैड बनाए हैं। हेलीकाप्टर में घूमने की वजह से मुख्यमंत्री को न तो सड़कों की खस्ता हालत नजर आ रही है। न ही लोगों की समस्याएं।

यह उपचुनाव भाजपा नेता रामस्वरूप के निधन के बाद हो रहा है। उनका निधन कैसे हुआ, किस हालात में हुआ सरकार ने इसकी जांच करवाना उचित नहीं समझा। भाजपा सेना के पराक्रम पर ओछी राजनीति कर लोगों का ध्यान ज्वलंत मुद्दों से हटाने की कोशिश कर रही है। रोहतांग सुरंग के निर्माण में कांग्रेस नेताओं का मुख्य योगदान रहा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका से हटा भाजपा ने घटिया राजनीति व मानसिकता को प्रदर्शित किया है।

जनता केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। लोग अब बदलाव चाहते हैं। इसकी शुरुआत मंडी संसदीय क्षेत्र में उनकी जीत से होगी। उन्होंने वीरभद्र सिंह के लिए श्रद्धांजलि स्वरूप उन्हें अपना कीमती वोट देने का आग्रह किया। इससे पहले प्रतिभा सिंह ने बगलामुखी मंदिर में पूजा अर्चना कर अपनी जीत के लिए आशीर्वाद मांगा। प्रदेश कांग्रेस महासचिव सराज के कांग्रेस नेता चेतराम ठाकुर ने कहा है कि मुख्यमंत्री यहां की जन आकांक्षाओं को पूरा करने में विफल रहें है।

chat bot
आपका साथी