वीकेंड पर हिमाचल में उमड़े पर्यटक, पर्यटन नगरी कसौली में सैलानियों की भीड़ से गढ़खल में लंबा जाम

Tourist in Himachal हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्‍थल वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। पर्यटन नगरी कसौली में भारी संख्या में पर्यटकों की आमद से यहां की सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया है।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 12:43 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 12:45 PM (IST)
वीकेंड पर हिमाचल में उमड़े पर्यटक, पर्यटन नगरी कसौली में सैलानियों की भीड़ से गढ़खल में लंबा जाम
कसौली में भारी संख्या में पर्यटकों की आमद से यहां की सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया है।

सोलन, मनमोहन वशिष्‍ठ। Tourist in Himachal, हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्‍थल वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। पर्यटन नगरी कसौली में भारी संख्या में पर्यटकों की आमद से यहां की सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लग गया है। कसौली से पहले पड़ने वाले गढ़खल कस्बे में दोपहर को एक घंटे से भी अधिक समय तक वाहनों का जाम लग गया। जाम को खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गढ़खल बाजार पांच ओर से आने वाली सड़कों का केंद्र है, जिससे यहां जाम की स्थिति वैसे ही बनी रहती है। लेकिन भारी संख्या में पर्यटकों के आने से स्थिति और भी विकट हो जाती है। जाम लगने से दोपहिया वाहनों को भी जाम से निकालने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।

स्थानीय दुकानदारों को भी जाम के कारण सामान बेचने के लिए भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इस समय गढ़खल से कसौली की ओर लंबा जाम लगा हुआ है। वहीं धर्मपुर व सनावर सड़क पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। शनिवार व रविवार को कसौली में भारी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही होती है। इससे यहां की सड़कें वाहनों की अधिक संख्या के कारण जाम हो जाती हैं।

सीमाएं खुलते ही बढऩे लगी पर्यटकों की आमद

ऊना। प्रदेश सरकार की तरफ से कोरोना के मामले कम होने के साथ ही अन्य राज्यों के पर्यटकों के आगमन के लिए आवाजाही खोल दी गई है। उसके तहत अब काफी पर्यटक धर्मशाला, डलहौजी की तरफ रुख करने लगे हैं। देश के कई राज्यों के लोग अकसर गर्मियों के मौसम में हिमाचल की हसीन वादियों मेें आते हैं। शनिवार को पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश की करीब 700 गाडिय़ों का जिला की सीमा में प्रवेश हुआ। इनमें अधिकांश पर्यटक थे। कई ऐसे कामकाजी लोग भी थे जोकि अन्य राज्यों में नौकरी करते हैं। शनिवार व रविवार की दो दिन का अवकाश होने के कारण घरों को जा रहे थे।

प्रशासन ने किए हैं पुख्ता इंतजाम

बेशक सरकार की तरफ से प्रदेश की सीमाओं को पर्यटकों व आम लोगों की आवाजाही को खोल दिया है, लेकिन ई-पास लाना लाजिमी किया गया है जिस भी व्यक्ति के पास ई-पास होगा उसे ही प्रदेश में प्रवेश करने दिया जा रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन की तरफ से दो जगह पर नाकाबंदी करके पुलिस टीमें ड्यूटी पर तैनात की गई हैं। नंगल से ऊना की सीमा में प्रवेश करने से पहले ही पंजाब-हिमाचल की सीमा पर लगाए गए नाके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात हैं। यहां पर जो भी अन्य राज्यों से आ रहा है, उसका मौके पर ही ई-पास जांचा जा रहा है।

chat bot
आपका साथी