रुलेहड़ में तीन और शव मलबे से निकाले

जागरण संवाददाता बोह (शाहपुर) शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत बोह के साथ ही लगते रुलेहड

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Jul 2021 02:00 AM (IST) Updated:Thu, 15 Jul 2021 02:00 AM (IST)
रुलेहड़ में तीन और शव मलबे से निकाले
रुलेहड़ में तीन और शव मलबे से निकाले

जागरण संवाददाता, बोह (शाहपुर) : शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत बोह के साथ ही लगते रुलेहड़ गांव में अब भी तबाही का मंजर है। बुधवार को कंचना देवी, भीमसेन व डेढ़ वर्षीय शबनम का शव बरामद किया गया। अब तक मलबे से आठ शव निकाले जा चुके हैं और दबे दो लोगों को निकालने का कार्य जारी है।

हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही लोगों को संभलने का मौका मिला। जो लोग घरों के अंदर थे, वे भीतर ही दब गए। प्रशासन सहित स्थानीय लोग पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं, लेकिन जो जख्म अपनों सहित घरों को गंवाने को लेकर मिले हैं उनकी भरपाई संभव नहीं है। एनडीआरएफ, पुलिस व होमगार्ड के जवान राहत कार्यों में जुटे हैं पर बारिश बाधा बन रही है। बुधवार को भी मूसलधार बारिश के कारण राहत कार्य एक घंटे के लिए रोकना पड़ा। पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने घटनास्थल पर राहत कार्यो का जायजा लिया।

........................

तबाही का मंजर नहीं भूल पाएंगे लोग

रुलेहड़ में हुए तबाही के मंजर को लोग ताउम्र नहीं भूल पाएंगे। जो लोग बच गए हैं वे खुद को खुशकिस्मत मान रहे हैं, लेकिन उनमें भी अपनों को खोने का दर्द है। कई लोगों ने आंखों के सामने अपनों को जान गंवाते हुए देखा है लेकिन वे हालात के आगे मजबूर थे। भूस्खलन के आगे वे बेबस नजर आए।

..................

अब तक निकाले गए शव

मस्तो देवी पत्नी भीमसेन, ममता देवी पुत्री भीमसेन, शकुंतला देवी पत्नी प्रकाश चंद, कार्तिक पुत्र भीमसेन, शिवप्रसाद पुत्र सुभाष चंद, कंचना देवी पत्नी मेघराज, भीमसेन पुत्र धनिया राम व शबनम कुमारी पुत्री विजय कुमार के शवों को निकाला जा चुका है। इसके अलावा नीरज कुमार पुत्र भीमसेन व सुभाष चंद मलबे में ही दफन है। पांच महिलाओं व तीन पुरुषों के शव निकाले गए हैं।

chat bot
आपका साथी